नागौर।
प्रदेश में दुष्कर्म के मामलों में लगातार बढ़ोतरी होती जा रही है। अलवर के बाद अब नागौर जिले के मकराना क्षेत्र में एक और दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। यहां गैस कनेक्शन का फार्म भरने गई महिला के साथ गैंग रेप का मामला सामने आया है। पीड़िता ने मकराना पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है। जानकारी के अनुसार दुष्कर्म पीड़िता मकराना तहसील में एक गांव की रहने वाली है। तीन मार्च को वह रामपुरा से कुकड़ोद गैस कनेक्शन का फार्म भरने गई थी। जहां उसकी मुलाकात मुकेश जाट निवासी कुकड़ोद व किशोर स्वामी निवासी उचेरिया से हुई। इन आरोपियों की मदद से पीड़िता ने गैस कनेक्शन का फार्म भरा। अगले दिन दोनों ही आरोपी पीड़िता के घर पहुंचे और उन्होंने पीड़िता से कहा कि आपका फार्म सही है, आपको हस्ताक्षर करने के लिए हमारे साथ चलना होगा। इस पर पीड़िता दोनों युवकों के साथ कुचामन चली गई। पीड़िता का कहना है कि आरोपियों ने उसे नशीला पेय पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। युवकों ने महिला से दुष्कर्म कर मोबाइल से वीडियो बनाने की बात कही। साथ ही, घटना के बारे में किसी को बताने पर अश्लील वीडियो को वायरल करने की धमकी भी दी। इसके बाद वे दोनों पीड़िता को ब्लेकमेल कर परेशान करने लगे। इसी बीच दोनों आरोपी पिकअप गाड़ी लेकर पीड़िता के घर पहुंचे और सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास किया। पीड़िता ने इस मामले के बारे में अपने पति को बताया। इसके बाद पीड़िता अपने पति के साथ मकराना थाने में आरोपीयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया।