नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर से विशेष राज्य का दर्जा हटाने के केंद्र सरकार के फैसले के खिलाफ कांग्रेस हमले करना को कोई भी मौका नहीं चूक रही है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने एक बार फिर केन्द्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने इसे राष्ट्र-विरोधी कदम बताया है। प्रियंका का बयान ऐसे समय में सामने आया है जब जम्मू-कश्मीर गए राहुल गांधी सहित विपक्ष के नेताओं को एयरपोर्ट से वापस लौटा दिया गया।
प्रियंका ने ट्वीट किया कि कश्मीर में लोकतांत्रिक अधिकारों को खत्म करने से ज्यादा राजनीतिक और राष्ट्र-विरोधी चीजें कुछ और नहीं हो सकती। यह हम सभी का कर्तव्य है कि हम इसके खिलाफ आवाज उठाएं। हम ऐसा करना बंद नहीं करेंगे। उन्होंने यह बात एक वीडियो के संदर्भ में लिखी जिसमें प्लेन में एक महिला राहुल गांधी से कश्मीर के हालात पर बात करती है। प्रियंका ने आगे लिखा, यह कब तक जारी रहेगा। यह हमारे लाखों लोगों में से हैं जिन्हें चुप कराया जा रहा और श्राष्ट्रवादश् के नाम पर कुचला जा रहा है।