जयपुर।
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड में परिणाम जारी करने और अधिकारियों की मीटिंग लेने पहुंचे शिक्षा राज्यमंत्री ने बोर्ड में फाइव डे वीक की घोषणा की है। इस संबंध में बोर्ड के कर्मचारी संघ की ओर से लंबे समय से मांग की जा रही थी। बोर्ड के दफ्तर में अब पांच दिन काम होगा। गोविंद सिंह डोटासरा ने रिजल्ट घोषित करने के बाद बोर्ड में भी फाइव डे वीक की घोषणा कर दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से चर्चा करने के बाद तय किया गया है कि जब सभी विभागों में यह व्यवस्था लागू है तो बोर्ड में भी होनी चाहिए। कर्मचारियों की भी लंबे समय से मांग थी, इसलिए आज यह घोषणा की गई है। बोर्ड में इससे पहले भी फाइव डे वीक की घोषणा हो चुकी थी। लेकिन 2013 में तत्कालीन बोर्ड अध्यक्ष भरतराम कुमार ने इस व्यवस्था को लागू करने से इनकार कर दिया था।