नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव के लिए अंतिम चरण का प्रचार खत्म होते ही विपक्ष गठबंधन की कवायद में जुट गया है। चुनाव बाद गठबंधन के मिशन पर जुटे तेलुगू देशम पार्टी के प्रमुख और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू आज कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मिलने पहुंचे। इससे पहले उन्होंने शुक्रवार को माकपा महासचिव सीताराम येचुरी और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की थी। कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी से भी मिले थे। चंद्रबाबू नायडू आज ही लखनऊ जाएंगे, जहां बसपा सुप्रीमो मायावती और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिलेंगे। सपा-बसपा गठबंधन के बाद राजनीतिक हल्कों, खासतौर से गैर भाजपा खेमे में दिल्ली में सरकार बनाने में इन दोनों दलों की अहम भूमिका मानी जा रही है।