नई दिल्ली : भोपाल से भाजपा की लोकसभा उम्मीदवार प्रज्ञा ठाकुर के नाथूराम गोडसे पर दिए विवादित बयान के बाद चारों ओर से घिर गई हैं। जहां विपक्ष इसे लेकर उन पर हमलावर है वहीं प्रधानमंत्री ने भी उनके बयान पर नाराजगी जताई है और कि वह उन्हें मन से माफ नहीं कर पाएंगे। इसी बीच इस विवाद में नोबेल पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी भी कूद गए हैं। उन्होंने महात्मा गांधी के हत्यारे को देशभक्त बताने पर उनपर निशाना साधा है। बाल अधिकार कार्यकर्ता ने ट्विटर पर लिखा कि मालेगांव बम धमाकों की आरोपी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर जैसे लोगों द्वारा दिए जा रहे बयान भारत की आत्मा को खत्म कर रहे हैं। उन्होंने लिखा कि गोडसे ने गांधी के शरीर की हत्या की थी, परंतु प्रज्ञा जैसे लोग उनकी आत्मा की हत्या के साथ, अहिंसा, शांति, सहिष्णुता और भारत की आत्मा की हत्या कर रहे हैं। गांधी हर सत्ता और राजनीति से ऊपर हैं। भाजपा नेतृत्व छोटे से फायदे का मोह छोड़ कर उन्हें तत्काल पार्टी से निकाल कर राजधर्म निभाएं।