नई दिल्ली।
लोकसभा चुनाव के नतीजों में कांग्रेस को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है। कई राज्यों में पार्टी खाता तक नहीं खोल पाई। शायद ही पार्टी को अपने इतने बुरे प्रदर्शन की उम्मीद रही होगी। इसी कारण पार्टी में इस्तीफों का दौर जारी है। इसी बीच कांग्रेस ने राहुल गांधी को पार्टी के अंदर बदलाव करने के लिए अधिकृत किया है। वहीं मीडिया से अनुरोध किया गया है कि वह संगठन की पवित्रता को बनाए रखने में मदद करे। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट करते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति विचारों के आदान-प्रदान और सुधारात्मक कार्रवाई करने के लिए एक लोकतांत्रिक मंच है। मीडिया के एक धड़े में आने वाले अनुमानों, अटकलों, शिलालेखों और अफवाहों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार, असम अध्यक्ष रिपुन बोरा के बाद अब पंजाब के कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी को अपने इस्तीफे की पेशकश की है। इससे पहले अशोक चव्हाण, राज बब्बर और कमलनाथ ऐसा कर चुके हैं।