जम्मू : पाकिस्तान अपनी कायराना हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। वे कई बार संघर्ष विराम का उल्लंघन कर चुका है। पाकिस्तान की सेना ने पुंछ जिले के कृष्णा घाटी सेक्टर में संघर्ष विराम का फिर उल्लंघन किया। पाक सेना ने भारी गोलाबारी की और नियंत्रण रेखा के पास अग्रिम चौकियों और गांवों पर मोर्टार दागे। पाकिस्तानी सेना की ओर से की गई भारी गोलीबारी में एक भारतीय जवान शहीद हो गया। साथ ही चार अन्य जवान घायल हो गए हैं।
भारतीय सेना भी जवाबी कार्रवाई करते हुए पाक की नापाक हरकतों का मुंहतोड़ जवाब दे रही है। अनुच्छेद 370 हटाने के बाद से पाकिस्तान बौखलाया हुआ है। इसी कारण आए दिन सीमा पार से संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रहा है। इससे पहले पाकिस्तानी सेना ने रविवार को पुंछ जिले के मेंढर सब डिवीजन में संघर्षविराम का उल्लंघन किया था। इतना ही नहीं पाक सेना ने सीमा पर बसे गांवों पर गोले दागे। इस कारण से सीमा से सटे गांवों में लोग दहशत में आ गए थे। इसी दौरान मनकोट तहसील के एक गांव निवासी 10 साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई थी जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भारतीय सेना इसका मुंहतोड़ जवाब देते हुए जवाबी कार्रवाई कर रही है।