दा एंगल।
बेगूसराय।
बिहार के बेगूसराय जिले में एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां अवैध संबंध का विरोध करने पर एक पिता ने अपने दो बेटों को मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। कहा जा रहा है कि पिता ने दोनों बेटों पर हथौड़े से सर पर वार किया था, जिससे दोनों को गंभीर चोटें आईं। इस घटना से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, दोनों बेटों का इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, मामला भगवानपुर थाना क्षेत्र के बदिया गांव का है। बताया जाता है कि बदिया गांव के पूर्व मुखिया बैजनाथ चौधरी का किसी महिला के साथ अवैध संबंध था, जिसका विरोध दोनों बेटे विवेक कुमार और सुभाष कुमार करते थे। देर रात भी इसी बात को लेकर पिता- पुत्र के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद पूर्व मुखिया ने दोनों बेटे के सर पर हथौड़े से कई वार कर दिया, जिससे दोनों की हालत गंभीर हो गई।
दोनों भाइयोंं को पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पर भगवानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की छानबीन कर रही है। घटना के बाद से आरोपी पूर्व मुखिया फरार है।