Home National आखिर ऐसा क्या हुआ कि मुंबई की आरे काॅलोनी में हालात हुए...

आखिर ऐसा क्या हुआ कि मुंबई की आरे काॅलोनी में हालात हुए तनावपूर्ण……

375
0
Aarey Forest Mumbai

दा एंगल।
मुंबई।
मुंबई में मेट्रो के लिए पेड़ काटने पर बड़ा बवाल मचा हुआ है। मुंबई की आरे काॅलोनी में पेड़ काटने की बात पर प्रशासन और पर्यावरण प्रेमी में जबरदस्त रूप से ठनी हुई है। दरअसल, बॉम्बे हाईकोर्ट के आरे से जुड़ी याचिकाओं को खारिज करने के बाद से ही पेड़ काटने का काम शुरू हो गया। पेड़ कटाई के वीडियो वायरल होने पर सैकड़ों लोग इसे रोकने पहुंच गए जिसके बाद से यहां पर लोगों का जमावड़ा हो गया और वहां जबरदस्त विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं।

प्रदर्शनकारियों और पुलिस में झड़प

प्रशासन ने हालात को काबू में करने के लिए कई किलोमीटर पहले ही लोगों के अंदर घुसने पर रोक लगा दी गई है और धारा 144 लागू कर दी गई है। वहीं पुलिस से प्रदर्शनकारियों की झड़प के बाद कई लोग हिरासत में लिए गए हैं।
गौरतलब है कि मेट्रो कार शेड के लिए बीएमसी ने आरे के करीब ढाई हजार से अधिक पेड़ों की कटाई को हरी झंडी दी थी जिसके खिलाफ अलग-अलग याचिकाएं कोर्ट में दायर की गई थीं। हालांकि, बॉम्बे हाईकोर्ट ने यह कहकर याचिकाओं को खारिज कर दिया कि मामला पहले की सुप्रीम कोर्ट और एनजीटी के सामने लंबित है, इसलिए हाईकोर्ट इसमें फैसला नहीं दे सकता। इधर कोर्ट ने यह फैसला दिया और उधर अधिकारियों ने आरी उठी ली।

आरे में देर रात में पेड़ों की कटाई शुरू

पर्यावरण कार्यकर्ताओं और आरे बचाओ मुहिम से जुड़े लोगों को जानकारी मिली कि आरे में देर रात में ही पेड़ों की कटाई शुरू हो गई और 200 से ज्यादा पेड़ काट डाले गए हैं। पेड़ों की कटाई के वीडियो रात को तेजी से शेयर होने के बाद बड़ी संख्या में लोग आरे पहुंचे। रिपोर्ट्स के मुताबिक 300 से भी ज्यादा लोगों ने वहां पहुंचकर मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन की बैरिकेडिंग तोड़ी और पेड़ों को कटने से बचाया। आरोप है कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज कर दिया। प्रशासन ने इसे रोकने के सारे प्रयास शुरू कर दिए हैं, लेकिन पर्यावरण प्रेमी उनकी कोई बात सुनने को राजी नहीं हो रहे हैं। ऐसे में हालात तनाव पूर्ण हो गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here