दा एंगल।
जयपुर।
साल 2019 कुछ दिनों बाद विदा हो जाएगा और कुछ दिनों बाद नए साल 2020 का आगमन हो जाएगा। इस साल देश-विदेश में हुई घटनाओं ने इसे खास बनाया। इस साल के दौरान कुछ ऐसी घटनाएं हुईं जो लंबे समय तक जेहन में कैद रहेंगी।
इनमें से कई घटनाएं ऐसी रहीं जो हमारी रोजमर्रा की जिंदगी पर असर डालने वाली साबित हुई हैं। कुछ घटनाओं और फैसले भारत के भविष्य पर असर छोड़ेंगे। वहीं, सुप्रीम कोर्ट की तरफ से कुछ ऐसे फैसले आए जो भविष्य के लिए नजीर बन गए। अंतरराष्ट्रीय पटल पर भी ऐसी घटनाएं सामने आईं जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचा। हम आपको बता रहे हैं 2019 की ऐसी ही 20 बड़ी घटनाएं जिन्हें भुला पाना कभी संभव नहीं होगा।
नरेंद्र मोदी फिर बने प्रधानमंत्री
साल के शुरुआत में मकर संक्रांति पर पहले शाही स्नान के साथ प्रयागराज में अर्धकुंभ की औपचारिक शुरूआत से हुई। सुप्रीम कोर्ट ने मुंबई में डांस बारों को राहत देते हुए कुछ शर्तों के साथ वापस खोलने की इजाजत दे दी। 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी का जादू फिर से चला और उन्होंने 2014 से अधिक सीटें जीतकर दुबारा सत्ता में वापसी की।
लोकसभा चुनाव में होने के बाद कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। 17 अप्रेल 2019 की तारीख को भी याद रख जाएगा क्योंकि इसी दिन जेट एयरवेज ने अपनी आखिरी उड़ान भरी थी। इसके साथ ही 30 अगस्त 2019 को केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए कई बैंकों के आपस में विलय का एलान किया। इसी साल वित्तीय वर्ष में देना और विजया बैंक के विलय का एलान किया गया था।
ऐतिहासिक फैसलों के लिए याद रहेगा साल
इसी साल कुछ ऐसे फैसलों के लिए भी याद किया जो अपने आप में एक इतिहास बन गए। जैसे अयोध्या विवाद पर सुप्रीम कोर्ट ने 9 नवंबर 2019 को ऐतिहासिक फैसला सुनाया। पांच जजों की संवैधानिक पीठ ने विवादित जमीन पर रामलला के हक में निर्णय सुनाया। इसके अलावा मोदी सरकार ने 5 अगस्त 2019 को मोदी सरकार ने ऐतिहासिक फैसला लेते हुए जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने का एलान किया। सरकार ने राज्यसभा में जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 को समाप्त करने संबंधी एक संकल्प और राज्य को दो केंद्र शासित क्षेत्रों जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में विभाजित करने के प्रावधान वाला एक विधेयक पेश किया। गृह मंत्री अमित शाह ने साथ ही जम्मू कश्मीर पुनर्गठन विधेयक 2019 भी पेश किया।
इसी साल ही 30 जुलाई को केन्द्र सरकार तीन तलाक बिल को पास कराने मेें सफल रही। दोनों सदनों में बिल पारित होने के बाद इस पर कानून बन गया। इसी के साथ केन्द्र सरकार का एक और ऐतिहासिक फैसला रहा नागरिकता कानून को दोनों सदनों से पारित करा लिया। इसके बाद अगले दिन राष्ट्रपति ने इस पर साइन के बाद ये विधेयक ने कानून का रूप ले लिया।
कई दिग्गज राजनेता हुए रुखस्त
इसके साथ ही इस साल दुष्कर्म की ऐसी कुछ घटनाएं रही जिसने देश को झकझोर दिया। हैदराबाद में एक पशु चिकित्सक के साथ दुष्कर्म कर उसको जिंदा जला दिया गया। इसके अलावा यूपी के उन्नाव में भी दुष्कर्म करके पीड़िता को जिंदा जला दिया गया।
इस साल देश ने बहुत से राजनेताओं को भी खो दिया। जैसे सुषमा स्वराज, अरुण जेटली, शीला दीक्षित, गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर, मशहूर वकील राम जेठमलानी जैसे कई हस्तियों को इस साल खोया। इस साल भारतीय क्रिकेट में भी अभूतपूर्व बदलाव देखने को मिला। 23 अक्तूबर 2019 को टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली अधिकारिक तौर पर बीसीसीआई के 39वें अध्यक्ष चुन लिए गए।