द एंगल।
पटना।
बिहार के छपरा से एक बड़ी खबर सामने आई है। मंगलवार को भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुई झड़प में भारत के कई जवान शहीद हो गए थे। वहीं शहीद जवानों में एक परसा थाना क्षेत्र के दीघरा निवासी सुखदेव राय के पुत्र सुनील कुमार के भी शहीद होने की खबर आई थीं। इसके बाद उनके पैतृक गांव में शोक छा गया। लेकिन इस बीच आज यह जानकारी मिल रही है कि जिस सुनील कुमार के शहीद होने की खबर फैली थी, वे जिंदा हैं।
सुनील कुमार की शहादत की मंगलवार को मिली थी खबर
मंगलवार को खबर फैलने के बाद से छपरा में उनके पैतृक गांव और आस-पास में लोग शोक में डूब गए थे। इसी बीच खबर मिली की उनके गांव के जवान सुनील कुमार अभी जिंदा हैं और सही सलामत हैं। यह सुनते ही कल से पसरा गम का माहौल खत्म हो गया और परिजनों- लोगों के चेहरों पर फिर से खुशी लौट आई है।
आई-कार्ड गिर जाने के कारण हुई गलतफहमी
इस बात की जानकारी तब मिली जब जवान सुनील कुमार ने खुद फोन कर अपने परिजनों इस बात की जानकारी दी कि वो लद्दाख में ही हैं और सही सलामत हैं। उन्होंने बताया कि उनका आई-कार्ड उसी जगह गिर गया था और उसी आधार पर यह खबर फैली कि वे भी शहीद हो गए हैं। कल बिहार सरकार के अधिकारियों के पास भी यही जानकारी थी लेकिन पूरी जानकारी मिलने तक इंतजार करने की बात कही गई थी।
3 बजे पहुंचेंगी जवानों की पार्थिव देह, बिहार सीएम ने जताया शोक
वहीं भारत-चीन (India-China) सीमा विवाद को लेकर गलवन घाटी (Galwan Valley) में हुई खूनी झड़प में बिहार के 2 जवान शहीद हो गए थे। आज तीन बजे के बाद जवानों की पार्थिव देह विशेष विमान से पटना पहुंचेंगी। इसका इंतजार जारी है। जवानों की शहादत पर पूरे बिहार को गर्व है। भारत-चीन सीमा पर 20 सैनिकों की शहादत पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शोक जताया है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि देश इन शहीदों के बलिदान को हमेशा याद रखेगा। वे इस घटना से काफी मर्माहत हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के शहीद जवानों का अंतिम संस्कार राज्य सरकार की ओर से पुलिस सम्मान के साथ किया जाएगा।
सोमवार रात गलवान घाटी के पास देशों की सेनाओं के बीच हुई हिंसक झड़प
बता दें सोमवार रात को गलवान घाटी के पास भारत और चीन की सेनाओं के बीच हुई हिंसक झड़प में भारत के कमांडिंग अफसर सहित कुल 20 जवान शहीद हो गए थे जबकि 135 जख्मी हो गए थे। शहीद हुए जवानों में बिहार के 2 जवान भी शामिल हैं।