द एंगल।
जयपुर।
पंचायती राज चुनाव (Panchayati Raj elections) के तहत आज जिला प्रमुख और प्रधान पद के लिये हो रहे मतदान के बाद अब चुनाव परिणाम (Result) आने का सिलसिला जारी है। मतगणना स्थल पर बीजेपी, कांग्रेस और आरएलपी (BJP-Congress-RLP) समर्थकों समेत अन्य निर्दलीय प्रत्याशियों का जमावड़ा लगा हुआ है। कई जिलों में जिला प्रमुखों और प्रधानों के चुनाव का परिणाम घोषित कर दिया गया है। वहीं कई जगह अभी मतगणना जारी है। अधिक से अधिक जिला प्रमुख बनाने के लिए बीजेपी-कांग्रेस पूरा जोर लगा रही है।
पंचायती राज के जिला प्रमुख चुनाव में जैसलमेर में ढह गया कांग्रेस का 20 साल पुराना किला
जैसलमेर में बीजेपी के प्रताप सिंह जिला प्रमुख बने हैं। यहां कांग्रेस में क्रॉस वोटिंग हुई। इसका खामियाजा कांग्रेस का उठाना पड़ा है। यहां कांग्रेस 20 वर्षों से जिला परिषद में काबिज थी। लेकिन इस बार उसका यह किला ढह गया। जैसलमेर के पोकरण विधायक शाले मोहम्मद गहलोत सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। जिला परिषद में करीब दो दशक से उनके परिवार का ही कब्जा था। इस बार पंचायती राज चुनाव में उनके परिवार के आधा दर्जन सदस्य विभिन्न वार्डों से चुनाव मैदान में डटे हुए थे।
जिला प्रमुख के चुनाव में अभी तक कांग्रेस आगे
वहीं प्रतापगढ़ में जिला प्रमुख पद पर कांग्रेस की इंद्रा देवी निर्वाचित हुई हैं। टोंक में बीजेपी की सरोज बंसल जिला प्रमुख बनी हैं। डूंगरपुर में निर्दलीय सूर्या देवी जिला प्रमुख का चुनाव जीता है। हनुमानगढ़ में कांग्रेस की कविता जिला प्रमुख निर्वाचित घोषित की गई हैं। उन्होंने बीजेपी की विमला को 10 मतों से हराया। बीकानेर में कांग्रेस के मोडाराम ने जिला प्रमुख ने जीत का परचम लहराया है। वहीं पाली में बीजेपी की रश्मि सिंह जिला प्रमुख बनी हैं।
प्रधान के परिणाम आने का सिलसिला जारी
राजसमंद में कांग्रेस समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी अरविंद सिंह प्रधान बने हैं। झालावाड़ के झालरापाटन से BJP की भावना झाला प्रधान बनी हैं। चित्तौड़गढ़ के कपासन में कांग्रेस के भैंरूलाल चौधरी प्रधान बने। अजमेर के मसूदा से भाजपा से बागी मीनू कंवर राठौड़ प्रधान बनीं। हनुमानगढ़ के नोहर में कांग्रेस के सोहन ढील प्रधान बने। वहीं रावतसर में भाजपा की सरस्वती देवी प्रधान बनी हैं।