The Angle
जयपुर।
एक तरफ बीजेपी जहां देश की आजादी के 75 साल के जश्न को आजादी का अमृत महोत्सव के रूप में मना रही है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस की ओर से देशभर में आजादी की गौरव पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। कांग्रेस के उदयपुर में हुए नव संकल्प शिविर में इसके लिए जरूरी प्रस्ताव पास किया गया था। इसके तहत आज से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से देशभर में आजादी की गौरव पदयात्रा निकाली जा रही है। राजस्थान की राजधानी जयपुर में भी शहर कांग्रेस की ओर से कैबिनेट मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास की अगुवाई में गौरव पदयात्रा निकाली गई।
आजादी की गौरव पदयात्रा में लोगों में दिखा गजब का उत्साह
मंत्री खाचरियावास के आवास से ये गौरव पदयात्रा शुरू हुई, जो सोडाला, 4 नंबर डिस्पेंसरी, हसनपुरा, जलभवन होते हुए पीडब्ल्यूडी ऑफिस के सामने पूरी होगी। इस दौरान जयपुर शहर कांग्रेस के हजारों पार्टी कार्यकर्ता और आमजन में गौरव पदयात्रा को लेकर खासा उत्साह नजर आया। लोग हाथों में तिरंगा थामे और वंदे मातरम के नारे लगाते हुए चल रहे थे।
स्वतंत्रता सेनानियों ने अंग्रेजों के जुल्म झेले, तब मिली आजादी- खाचरियावास
इस मौके पर मंत्री खाचरियावास मीडिया से भी रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि आजादी की गौरव पदयात्रा इसलिए हो रही है कि आजादी दिलाने वाले स्वतंत्रता सेनानियों ने अंग्रेजों के जो जुल्म झेले, जिस तरह से जब कांग्रेस आजादी का आंदोलन लड़ रही थी गांधी के नेतृत्व में, सुभाषचंद्र बोस के नेतृत्व में, मौलाना अबुल कलाम के नेतृत्व में, बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में, पंडित नेहरू और सरदार पटेल के नेतृत्व में, तो आजादी के आंदोलन में कितने लोग परेशान हुए और जब आजादी का सिपाही देश को स्वतंत्र करवाने के लिए जंग लड़ रहा था, तो उसके दिल में एक ही सपना था कि मेरे जिंदा रहते कम से कम ये आंदोलन कामयाब हो और देश आजाद हो। आजादी के आंदोलन का संदेश देने के लिए ये फैसला किया गया।
तिरंगे का इतिहास घर-घर तक पहुंचे इसलिए गौरव पदयात्रा में तिरंगा हाथ में- खाचरियावास
खाचरियावास ने कहा कि घर-घर तिरंगा अभियान महात्मा गांधी के टाइम पर शुरू हुआ था, फिर पंडित नेहरू ने चलाया, फिर इंदिरा गांधी ने चलाया, मोरारजी देसाई ने, राजीव गांधी, नरसिम्हा राव सबने चलाया। अब हर घर तिरंगा अभियान चल रहा है, स्वतंत्र दिवस के दिन हर आदमी अपने घर पर तिरंगा लहराता है क्योंकि ये सबका हक है। आजादी की गौरव पदयात्रा में तिरंगा लेकर इसलिए निकले हैं ताकि आजादी और तिरंगे का इतिहास लोगों तक पहुंचे, घर-घर तिरंगा अभियान में लोग तिरंगा लगाएं, ये सबकी एक मिली-जुली ताकत है भारत की कि भारत एकसाथ मिलकर खड़ा है। बीजेपी जिस तरह से राजनीतिकरण करती है, जिस तरह से भाषा बोलती है, वो पाप है। तिरंगा हमारी आन-बान और शान है, तिरंगा हमारा धर्म है, तिरंगे के लिए हम मर सकते हैं, लड़ सकते हैं, झुक नहीं सकते, उसी तिरंगे को हाथ में लेकर निकले हैं।
खाचरियावास बोले- सिर्फ एक दिन के लिए नहीं बल्कि परमानेंट रूप से तिरंगे को अपनाए बीजेपी
इसके साथ ही उन्होंने भाजपा और भारत को कमजोर करने में लगी ताकतों पर भी हमला बोला। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आज दुनिया में ऐसी ताकतें काम कर रही हैं जो भारत को कमजोर कर देना चाहती हैं, हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, पारसी, जैन, बौद्ध हर जाति-धर्म के लोगों ने मिलकर भारत को आजादी दिलाने की लड़ाई लड़ी, तभी ये देश बना। आज जब देश में प्यार और प्रेम रहेगा, तब देश आगे बढ़ेगा और बीजेपी को ये तय कर लेना चाहिए कि तिरंगे को आज अपनाया है, आरएसएस वालों ने कभी अपनाया नहीं, तो उसको परमानेंट अपनाओ।
यहां देखें पदयात्रा का पूरा वीडियो