द एंगल
जयपुर.
राजस्थान के भरतपुर के जघीना गेट पर एक रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि उनके शरीर में 7 गोलियां लगी है।
मृतक भाजपा कार्यकर्ता के शरीर में लगी 7 गोलियां
जानकारी के अनुसार सर्किट हाउस में किसी काम से गए थे और वो सर्किट हाउस से करीब रविवार देर रात भाजपा कार्यकर्ता कृपाल सिंह जघीना अपने घर के लिए अपनी कार में सवार में होकर निकला था। लेकिन जैसे ही वो जघीना गेट पर पहुंचा तो उसे बदमाशों ने घेर लिया और उसकी कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस दौरान मृतक के शरीर में 7 गोलियां लगी। कुछ लोगों ने बदमाशों का पीछा करने की भी कोशिश किए लेकिन वह पकड़ में नहीं आ सके। घायल अवस्था में कृपाल सिंह को आरबीएम अस्पताल लेकर आए, जहां उन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इससे आक्रोशित उनके समर्थकों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया। गोली मारने वाले बदमाश 3 बाइकों और 2 कारों में सवार हो कर आए थे। फिलहाल उनके शव को आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। आज कृपाल के शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
सांसद रंजीता कोली भी पहुंची मौके पर
मृतक कृपाल सिंह रेलवे बोर्ड सलाहकार समिति सदस्य और मल्लखंभ के जिलाध्यक्ष भी थे। घटना की सूचना पाकर सांसद रंजीता कोली, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. शैलेष सिंह, एसपी श्याम सिंह मौके पर पहुंचे। भरतपुर की सांसद रंजीता कोली ने इस हत्याकांड पर दुख जताते हुए कहा कि DRUCC सदस्य एवं किसान मोर्चा के पूर्व प्रवक्ता भाई कृपाल सिंह जघीना जी के निधन के उपरांत आज के मेरे सभी कार्यक्रम रद्द किए जाते हैं।’
इस घटना के बाद देर रात से भरतपुर में बवाल मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि रंजिश के चलते भी यह हत्या की जा सकती है। जमीन और अन्य कामों से जुड़े कृपाल सिंह के साथियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में शहर भर में नाकाबंदी कर दी है।