The Angle
जयपुर।
प्रदेश में इस साल विधानसभा की छह सीटों पर उपचुनाव होने हैं। भाजपा को इन छह सीटों पर जीत की राह आसान नहीं दिख रही है। यहां तक कि सलूम्बर सीट जो अभी तक भाजपा के पास थी, वहां भी तेजी से सामाजिक समीकरण और परिस्थितियां बदली हैं। सलूम्बर और चौरासी दोनों ही सीटों पर आदिवासी मतदाता निर्णायक की भूमिका में हैं। ऐसे में इन दोनों सीटों पर भाजपा के लिए कांग्रेस के साथ ही भारत आदिवासी पार्टी भी बड़ी चुनौती है।
मदन राठौड़ बोले- पार्टी सभी 6 सीटों पर मजबूत स्थिति में
इधर दो दिन पहले प्रदेश भाजपा प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल ने भारत आदिवासी पार्टी के नेताओं की तारीफ की थी। यही वजह है कि भाजपा और बीएपी के बीच गठबंधन की चर्चा शुरू हो गई थी। लेकिन प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने सभी दावों और कयासों को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि पार्टी खुद के दम पर चुनावी मैदान में उतरेगी। राठौड़ ने प्रदेश पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि पार्टी सभी छह सीटों पर मजबूत स्थिति में है। ऐसे में भाजपा को किसी से गठबंधन की कोई जरूरत नहीं है। पार्टी अपने दम पर चुनाव लड़ेगी और जीत दर्ज करेगी।
BAP से गठबंधन की अटकलों को किया खारिज
उन्होंने आगे कहा कि जहां तक बात गठबंधन की है, तो भाजपा किसी भी पार्टी से उपचुनाव में कोई गठबंधन नहीं करेगी। सभी 6 सीटों पर पार्टी अपने उम्मीदवार उतारेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश प्रभारी के बयान को गलत तरीके से पेश किया गया है। उन्होंने कोई गठबंधन की बात नहीं कही थी। दूसरे दल अपना घर संभालें, हम अपना घर खुद संभाल लेंगे।