अमेठी। लोकसभा चुनाव के लिए केंद्रीय कपड़ा मंत्री और भाजपा उम्मीदवार स्मृति ईरानी आज नामांकन भरेगी। पिछले लोकसभा चुनाव में स्मृति ने राहुल को कड़ी टक्कर दी थी। स्मृति का मुकाबला कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से है। अमेठी में बसपा-सपा गठबंधन ने उम्मीदवार नहीं उतारा है। इससे पहले वे गौरीगंज में पार्टी कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक रोडशो में अपनी ताकत दिखाएंगी। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल रहेंगे।
जिलाध्यक्ष दुर्गेश त्रिपाठी ने बताया कि स्मृति ईरानी सुबह पार्टी कार्यालय के पास बूढ़न माता मंदिर में पूजा कर रोडशो की शुरूआत करेंगी। करीब दो किमी का रोडशो कलेक्ट्रेट पर समाप्त होगा। यहां नामांकन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और स्मृति ईरानी लोगों को संबोधित करेंगी। अमेठी लोकसभा सीट कांग्रेस का गढ़ रही है। 2014 के लोकसभा चुनाव में भी भाजपा ने स्मृति को अमेठी से उम्मीदवार बनाया था।