Home National बिहार में 29 दिन बाद ही ढहा 8 साल में बना पुल,...

बिहार में 29 दिन बाद ही ढहा 8 साल में बना पुल, तेजस्वी ने नीतीश पर साधा निशाना

667
0

द एंगल।

पटना।

मानसून के प्रवेश करने के बाद से ही बिहार में बारिश और बाढ़ ने कहर ढाया हुआ है। आज बिहार के गोपलगंज जिले में गंडक नदी पर 263 करोड़ रुपए की लागत से बना सत्तरघाट पुल टूटकर नदी में बह गया। नदी का जलस्तर बढ़ने और भारी बारिश के चलते इसका एक हिस्सा टूट गया।

29 दिनों में ही ढह गया पुल

बता दें यह पुल करीब 8 साल में बनकर तैयार हुआ था और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसका उद्घाटन पिछले महीने ही किया था। लेकिन यह ब्रिज महज 29 दिनों के भीतर ही पानी का बढ़ता हुआ जलस्तर का दबाव सहन नहीं कर पाया और एक हिस्सा ढह गया। वहीं इसके ध्वस्त होने से चंपारण तिरहुत और सारण के कई जिलों का संपर्क टूट गया है।

बाढ़ के पानी से टूट गया पुल

जानकारी के मुताबिक सत्तरघाट मुख्य पुल से करीब एक किलोमीटर पूर्व सड़क के टूट जाने से छपरा, सीवान, गोपालगंज जिलों से मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा की ओर आने-जाने वाले वाहनों का परिचालन ठप हो गया है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि लगातार हो रही बारिश से सड़क दलदली हो गई थी। इस बीच बाढ़ के पानी से सड़क टूट गई है।

2012 में शुरु हुआ था पुल का निर्माण, 16 जून 2020 को हुआ था उद्घाटन

बताया गया है कि गोपालगंज में तीन लाख से ज्यादा क्यूसेक पानी का बहाव था। गंडक के इतने बड़े जलस्तर के दबाव के चलते इस पुल का अप्रोच रोड टूट गया, इस कारण यातायात बाधित हो गया है। यह Bridge गोपालगंज के बैकुंठपुर के फैजुल्लाहपुर में टूटा है। इस महासेतु का निर्माण ब्रिज निर्माण विभाग की तरफ से कराया गया था। साल 2012 में पुल निर्माण का कार्य शुरू हुआ और 16 जून 2020 को इस महासेतु का उद्घाटन किया गया। ब्रिज का निर्माण भी नीतीश सरकार के समय ही शुरु किया गया था।

तेजस्वी ने साधा नीतीश पर निशाना- बिहार में चारों तरफ लूट ही लूट मची है

उधर विपक्ष के नेताओं ने पुल निर्माण में लापरवाही को लेकर जांच की मांग की है। तेजस्वी यादव ने Bridge के टूटने को लेकर सीएम नीतीश कुमार को घेरा है। तेजस्वी ने ट्वीट किया, ‘263 करोड़ रुपए से 8 साल में बना लेकिन मात्र 29 दिन में ढह गया पुल। संगठित भ्रष्टाचार के भीष्म पितामह नीतीश जी इस पर एक शब्द भी नहीं बोलेंगे और ना ही साइकिल से रेंज रोवर की सवारी कराने वाले भ्रष्टाचारी सहपाठी पथ निर्माण मंत्री को बर्खास्त करेंगे। बिहार में चारों तरफ लूट ही लूट मची है।’

प्राकृतिक आपदा की वजह से ढहा पुल- पीडब्ल्यूडी मंत्री

पुल के टूटने पर पीडब्ल्यूडी मंत्री नंद किशोर यादव ने कहा है कि ब्रिज निर्माण में कोई गड़बड़ी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि भारी बारिश की वजह से मिट्टी का कटाव हुआ, जिसकी वजह से पुल ढहा है। साथ ही उन्होंने Bridge ढहने को प्राकृतिक आपदा से जोड़ दिया है। एक निजी चैनल से बातचीत में मंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की वजह से यह आफत आई है। इस पर आरजेडी को राजनीति नहीं करनी चाहिए। नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि टूटे हुए हिस्से को जल्द ठीक कराएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here