Home International बेरुत धमाके में अब तक लगभग 100 की मौत, भारत ने जताई...

बेरुत धमाके में अब तक लगभग 100 की मौत, भारत ने जताई संवेदना

505
0

द एंगल।

नई दिल्ली।

लेबनान की राजधानी बेरूत में हुए जबरदस्त धमाके में लगभग 100 लोगों की मौत हो चुकी है। लेबनानी रेड क्रॉस ने हादसे को लेकर नया अपडेट दिया है। मंगलवार को बेरूत में हुए इस धमाके में पहले 70 से कुछ ज्यादा लोगों के मारे जाने की खबर थी। वहीं तकरीबन 3 हजार 700 लोगों के घायल होने की बात कही जा रही थी। हालांकि धमाके की भयावहता को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।

लेबनान के बेरुत में हुए भीषण धमाके का वीडियो भी आया सामने

स्थानीय मीडिया के हवाले से शुरुआती जानकारी में आई रिपोर्ट के मुताबिक यह धमाका शहर के पोर्ट पर हुआ है। हालांकि धमाका क्यों किया गया इसकी वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। इस विस्फोट का वीडियो भी सामने आया है। विस्फोट इतना भयंकर था कि शहर के कई हिस्से हिल गए। वहीं वीडियो से यह भी पता चलता है कि विस्फोट का धमाका कितना बड़ा था। काफी दूर से लिए गए इस वीडियो में देखा जा सकता है कि धमाके के बाद पहले सफेद धुंआ और फिर काले धुएं का गुबार उठ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि धमाके की वजह से घरों की खिड़कियों के कांच तक टूट गए।

https://twitter.com/mhijazi/status/1290670932831461380

पीएम मोदी और सीएम गहलोत ने मृतकों के प्रति जताई गहरी संवेदना

इस धमाके पर पीएम मोदी और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी इस भीषण धमाके पर गहरा दुःख जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। बुधवार की सुबह पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि ‘बेरूत शहर में हुए धमाके में जनजीवन और संपत्ति को हुए नुकसान से स्तब्ध और दुःखी हूं। हमारे विचार और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों और घायलों के साथ हैं।’

लेबनान में भारतीय राजदूत ने भी विस्फोट पर जताया दुःख

वहीं लेबनान में भारत के राजदूत संजीव अरोड़ा ने कहा कि ‘बेरूत में विनाशकारी विस्फोट की घटना से परेशान हूं। लेबनान एक सुंदर और मैत्रीपूर्ण देश है। जो हमें काफी प्रिय है। दुआ करता हूं कि जल्द से जल्द इस संकट से बाहर आए। पहले से ही कई चुनौतियों का सामना कर रहे इस देश के लिए यह बेहद दुःखद है। आपके लिए मर्माहत हूं। लेबनान सुरक्षित रहे और वापसी करे।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here