Home National चंडीगढ़ में राज्यपाल से मिले भगवंत मान, सरकार बनाने का दावा किया...

चंडीगढ़ में राज्यपाल से मिले भगवंत मान, सरकार बनाने का दावा किया पेश

490
0
पंजाब गवर्नर को सरकार बनाने के लिए समर्थक विधायकों का संकल्प पत्र सौंपते भगवंत मान

The Angle

चंडीगढ़।

5 राज्यों के चुनावों के नतीजे आने के बाद अब इन राज्यों में विजयी हुई पार्टियां सरकार बनाने की तैयारी में जुट गई हैं। पंजाब विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद भगवंत मान प्रदेश के राज्यपाल बीएल पुरोहित से मिलने पहुंचे और अपनी ओर से सरकार बनाने का दावा पेश किया। इसके बाद मीडिया से रूबरू होते हुए मान ने कहा कि राज्यपाल से मिलकर हमारे विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा और सरकार बनाने का दावा पेश किया। बता दें कि भगवंत मान का शपथ ग्रहण समारोह 16 मार्च को दोपहर 12.30 बजे उनके पैतृक गांव भगत सिंह खटकड़ कलां में होगा।

भगवंत मान ने अरविंद केजरीवाल को शपथ ग्रहण समारोह में किया आमंत्रित

इससे पहले मान ने दिल्ली में आप संयोजक अरविंद केजरीवाल से उनके आवास पर मुलाकात की थी। उन्होंने 16 मार्च को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में आने के लिए केजरीवाल को आमंत्रित किया। भगवंत मान ने अरविंद केजरीवाल, दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और पार्टी के पंजाब मामलों के सह प्रभारी राघव चड्ढा के साथ बैठक की और आगे की रणनीति पर चर्चा की।

13 को भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल अमृतसर में करेंगे रोड शो

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल 13 मार्च को गुरु की नगरी अमृतसर में श्री हरमंदिर साहिब, दुर्ग्याणा मंदिर और रामतीर्थ मंदिर के दर्शन करेंगे और ऐतिहासिक जीत के लिए मत्था टेककर भगवान का शुक्रिया अदा करेंगे। उसके बाद दोनों नेता अमृतसर में साथ में पंजाब की जनता को धन्यवाद देने के लिए रोड शो करेंगे। वहीं पार्टी विधायकों की बैठक लेने के बाद मान ने कहा कि पंजाब की नई सरकार अब चंडीगढ़ से नहीं, बल्कि सूबे के गांवों, वार्डों और मोहल्लों से चलेगी। उन्होंने विधायकों से कहा कि चंडीगढ़ में कम से कम रहना है। हमें उस इलाके में जाकर काम करना है, जहां से हमने वोट मांगे थे। अब किसी भी व्यक्ति को काम करवाने के लिए चंडीगढ़ नहीं बुलाना है। बल्कि उनके इलाके में जाकर वहीं पर काम करने हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here