दा एंगल।
जयपुर।
देश की पार्टी सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस का आज अपना 135वां स्थापना दिवस मना रही है। इस दौरान देश भर में कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। राजस्थान में भी कांग्रेस का स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। राजधानी जयपुर में कांग्रेस ने अपना स्थापना दिवस अलग तरीके से मनाया।
फ्लैग मार्च शहीद स्मारक से हुआ शुरू
कांग्रेस स्थापना दिवस के मौके पर जयपुर में पार्टी ने केन्द्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान राजस्थान प्रभारी अविनाश खन्ना, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पीसीसी चीफ सचिन पायलट भी मौजूद रहे। यह फ्लैग मार्च सीएए, एनआरसी-एनआरपी और बढ़ती महंगाई सहित केंद्र की नीतियों के खिलाफ निकाला गया। यह मार्च शहीद स्मारक से शुरू होकर पीसीसी में जाकर समाप्त हुआ।
कांग्रेस के तमाम दिग्गज नेता रहे मौजूद
वहीं मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने संविधान बचाओ के नारे लगे। इसके साथ ही वंदे मातरम के नारे से शहीद स्मारक गूंज उठा। मार्च में गोविंद सिंह डोटासरा, विश्वेंद्र सिंह, प्रतापसिंह खाचरियावास समेत तमाम नेता मौजूद रहे। सभी ने पीसीसी दफ्तर तक पैदल मार्च निकाला। पीसीसी दफ्तर पहुंचकर झंडारोहण किया गया। इस फ्लैग मार्च में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बनता था। मार्च में भाग लेने के लिए प्रदेष के कोने-कोने से कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने भाजपा पर निशाना साधा
पीसीसी में अपने संबोधन में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केन्द्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो आज देश में हालात हैं वो केन्द्र सरकार की गलत नीतियों के कारण है। सीएम गहलोत ने कहा कि यह फ्लैग मार्च हमारे संविधान और लोकतंत्र को केन्द्र सरकार की जनविरोधी नीतियों से बचाने के लिए किया गया है। कांग्रेस का एक गौरवशाली इतिहास रहा है। सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह की सोच हमेशा देशहित के लिए रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा धर्म आधारित राजनीति कर रही है। आज देश में आग लगाने का काम काम कर रही है वहीं कांग्रेस इसे बुझाने का काम कर रही है। गहलोत ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर प्रचार करें कि देश कहां जा रहा है।
सीएम गहलोत ने कहा कि देश के हर नागरिक को संविधान की जानकारी होनी चाहिए। आज संविधान खतरे में है, ये मामूली खतरा नहीं है हम सबकी जिम्मेदारी है। देश में एक के बाद एक राज्य में भाजपा की सरकार जा रही है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने संविधान प्रस्तावना शपथ कार्यकर्ताओं को दिलाई।