Home Entertainment पद्मश्री दिए जाने पर कांग्रेस प्रवक्ता ने उठाए सवाल, अदनान ने यूं...

पद्मश्री दिए जाने पर कांग्रेस प्रवक्ता ने उठाए सवाल, अदनान ने यूं दिया जवाब !

567
0

The Angle

नई दिल्ली।

साल 2020 के लिए प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है। इस बार 7 लोगों को पद्म विभूषण, 16 को पद्म भूषण और 118 लोगों को पद्मश्री दिए जाने की घोषणा की गई है। पद्मश्री पाने वाले 118 लोगों में एक नाम जाने माने सिंगर और म्यूजिक कंपोज़र अदनान सामी का भी है। अदनान सामी को पद्मश्री दिए जाने के फैसले पर अब कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं।

 

पार्टी प्रवक्ता ने अदनान को पद्मश्री दिए जाने पर उठाए सवाल

कांग्रेस ने सवालिया लहज़े में तंज कसते हुए कहा, कि क्या अब भाजपा की चमचागिरी यह प्रतिष्ठित सम्मान पाने का नया मानदंड बन गया है ? पार्टी प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने अपने ट्विटर हैंडल से एक वीडियो साझा करते हुए यह सवाल भी किया, कि ऐसा क्यों हुआ कि करगिल युद्ध में शामिल हुए सैनिक सनाउल्लाह को ‘घुसपैठिया’ घोषित कर दिया गया, जबकि उस सामी को पद्म सम्मान दिया जा रहा है, जिसके पिता ने पाकिस्तानी वायुसेना में रहते हुए भारत के खिलाफ गोलाबारी की थी? शेरगिल के इस सवाल पर अदनान सामी ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि एक पिता के कामों के लिए बेटा कैसे जिम्मेदारी हो सकता है।

 

अदनान ने यूं दिया कांग्रेस प्रवक्ता की बात का जवाब

अदनान ने ट्वीट करते हुए लिखा है, ‘हे बच्चे, क्या आपने दिमाग ‘क्लीयरेंस सेल’ से या सेकंड हैंड नॉवेल्टी स्टोर से लिया है? क्या बर्कले में ये ही सिखाया गया था, कि एक बेटे को उसके माता-पिता के कामों के लिए जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए या दंडित किया जाना चाहिए। और आप एक वकील हैं। क्या आपने लॉ स्कूल में यही सीखा। इसके साथ ही शुभकामनाएं।’

शेरगिल ने ट्विटर पर शेयर किया था वीडियो

बता दें शेरगिल ने ट्विटर पर जारी अपने एक वीडियो में कहा था, ‘भारतीय सेना के वीर सिपाही और भारत माता के पुत्र मोहम्मद सनाउल्लाह जिन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ कारगिल की लड़ाई लड़ी, उनको एनआरसी के ज़रिए घुसपैठिया घोषित कर दिया गया। दूसरी तरफ, अदनान सामी को पद्मश्री से नवाज़ दिया गया, जिनके पिता पाकिस्तानी वायुसेना में अफसर थे और जिन्होंने भारत के खिलाफ गोलाबारी की थी।’ उन्होंने सवाल किया, ‘पाक के खिलाफ लड़ने वाला भारत का सिपाही घुसपैठिया और पाक वायुसेना के अफसर के बेटे को सम्मान क्यों? क्या पद्मश्री के लिए समाज में योगदान जरुरी है या सरकार का गुणगान? क्या पद्मश्री के लिए नया मानदंड है कि करो सरकार की चमचागिरी, मिलेगा तुमको पद्मश्री?’

दिग्विजय सिंह ने अदनान को पद्मश्री दिए जाने पर जताई थी खुशी

गौरतलब है कि कुछ साल पहले 2016 में ही सरकार ने उन्हें भारतीय नागरिकता दी थी। इससे पहले सामी पाकिस्तानी नागरिक थे। हालांकि कांग्रेस प्रवक्ता के रुख से इतर पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने सामी को पद्मश्री से सम्मानित किए जाने पर खुशी जताई है। सिंह ने ट्वीट किया, ‘पद्म पुरस्कार के लिए चुने गए सभी लोगों को बधाई। मुझे खुशी है कि प्रसिद्ध गायक एवं संगीतकार और पाकिस्तानी मुसलमान प्रवासी अदनान सामी को भी पद्म श्री दिया गया है।’

 

अदनान के बहाने सीएए पर किया सवाल

उन्होंने कहा, ‘मैंने उन्हें भारतीय नागरिकता देने के लिए भारत सरकार से उनके मामले की सिफारिश भी की थी। उन्हें मोदी सरकार ने भारतीय नागरिकता दी थी। भारत सरकार को भारतीय नागरिकता चाहने वाले हर धर्म के किसी भी व्यक्ति को नागरिकता देने का पूरा अधिकार है, तो फिर कैब/सीएए क्यों? भारतीय राजनीति का केवल ध्रुवीकरण करने के लिए ? यदि पाकिस्तान, अफगानिस्तान या बांग्लादेश में उत्पीड़न का शिकार हुआ उच्च प्रतिष्ठा वाला कोई व्यक्ति भारतीय नागरिकता चाहता है, तो भारत सरकार अब क्या करेगी ?’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here