द एंगल।
जयपुर।
एक ओर जहां राजस्थान में सियासी घमासान इन दिनों अपने चरम पर है, वहीं ऐसे हालात में कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है। प्रदेश से राजनीतिक उठापटक के बीच एक और बड़ी खबर आई है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेहद करीबी माने जाने वाले राजीव अरोड़ा और धर्मेंद्र राठौड़ के घर पर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने छापा मारा है। अभी धर्मेंद्र राठौड़ के सोमदत्त स्थित अपार्टमेंट पर रेड चल रही है। इनकम टैक्स की टीम राठौड़ के निवास में ही मौजूद है। इस दौरान राठौड़ के निवास में किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। वहीं कांग्रेस नेता राजीव अरोड़ा के घर भी देर रात आयकर विभाग की रेड पड़ी है। राजीव अरोड़ा गहलोत के करीबी माने जाते हैं।
इनकम टैक्स विभाग ने छापा मारने में नहीं ली राज्य सरकार की मदद
जानकारी के मुताबिक इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने प्रदेशभर में लगभग 22 जगहों पर छापेमारी की है। खास बात यह है कि आम तौर पर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की टीम जब रेड करती है तो वह स्थानीय पुलिस का भी साथ लेती है, लेकिन राजीव अरोड़ा और धर्मेंद्र राठौड़ के यहां जो रेड की जा रही है, उसमें सिर्फ डिपार्टमेंट की टीम के अधिकारी ही शामिल हैं। स्थानीय पुलिस या कहें राज्य पुलिस की मदद इस रेड में नहीं ली गई है। रेड की कार्रवाई फिलहाल जारी है और माना जा रहा है कि टीम अभी और खोजबीन में जुटी है ताकि और सबूत इकट्ठा किए जा सकें।
कांग्रेस छापों को बता रही राजनीति से प्रेरित
राजस्थान में जो वर्तमान राजनीतिक स्थिति चल रही है उस लिहाज़ से ये छापे काफी अहम् माने जा रहे हैं क्योंकि कांग्रेस के दो वरिष्ठ नेताओं के यहां ये रेड की गई है। वहीं इस रेड को राजस्थान के सियासी घटनाक्रम से भी जोड़कर देखा जा रहा है और कुछ कांग्रेसी नेता इन्हें राजनीतिक छापों की संज्ञा दे रहे हैं।
उदयलाल आंजना ने छापे को बताया राजनीतिक तरीके से प्रताड़ित करने का प्रयास
एक निजी चैनल से बात करते हुए राजस्थान सरकार में मंत्री उदयलाल आंजना ने कहा कि ये राजनीतिक हिसाब से प्रताड़ित करने का प्रयास है। अगर इनके यहां छापे मारे भी जाने थे तो क्या यह समय सही है इनके यहां छापे मारने के लिए, लेकिन कांग्रेस पर दबाव बनाने के लिए इस तरह की कार्रवाई की गई है और यह बात इसलिए भी साबित होती है क्योंकि इनकम टैक्स विभाग तो केंद्र सरकार के अधीन काम करता है।