द एंगल।
नई दिल्ली।
भारत एकबार फिर चीन पर डिजिटल स्ट्राइक की है। भारत सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देते हुए 43 और चीन निर्मित मोबाइल एप्स पर प्रतिबंध लगा दिया है। सरकार ने यह कदम सूचना प्रौद्योगिकी कानून की धारा 69ए के तहत उठाया है। सरकार ने इस संबंध में कहा है कि इन एप्स के खिलाफ यह कार्रवाई भारत की संप्रभुता, अखंडता, रक्षा, सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था के लिए पूर्वाग्रही गतिविधियों में संलग्न रहने की जानकारी के आधार पर की गई है।
चीन के प्रतिबंधित किए एप्स में कैमकार्ड और स्नैक वीडियो जैसे एप्स भी शामिल
सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने इस संबंध में एक बयान में कहा है कि प्रतिबंधित किए गए नए 43 मोबाइल एप्स में अलीएक्सप्रेस, वीवर्कचाइना, कैमकार्ड और स्नैक वीडियो जैसे एप्स शामिल हैं। इससे पहले भारत सरकार तीन बार एप्स पर प्रतिबंध लगा चुकी है।
भारत अब तक 268 एप्स कर चुका बैन, चीन को हो रहा काफी नुकसान
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार ने सबसे पहले 29 जुलाई को 48 एप्स प्रतिबंधित किए थे। इनमें लोकप्रिय एप्लीकेशन टिकटॉक भी शामिल था। इसके बाद 28 जुलाई को सरकार ने फिर कार्रवाई करते हुए 59 एप्स पर रोक लगा दी थी। वहीं दो सितंबर को एक बार फिर ऐसा ही कदम उठाते हुए केंद्र सरकार ने ऑनलाइन गेमिंग मोबाइल एप पबजी समेत 118 चीनी एप्स प्रतिबंधित कर दिए थे। इस तरह भारत सरकार अब तक कुल 268 चीन निर्मित एप्स पर बैन लगा चुकी है। इससे चीन की अर्थव्यवस्था को काफी नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। इसी के चलते चीन भारत द्वारा चीनी एप्स को प्रतिबंधित करने को लेकर आपत्ति भी जता चुका है।