Home National बिहार सीएम नीतीश कुमार ने पहली वर्चुअल रैली से किया पार्टी के...

बिहार सीएम नीतीश कुमार ने पहली वर्चुअल रैली से किया पार्टी के चुनाव प्रचार का आगाज, उपलब्धियां गिनाईं, विपक्ष पर साधा निशाना

689
0
वर्चुअल रैली के दौरान संबोधित करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

द एंगल।

पटना।

इस साल के अंत में बिहार में विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। इसे देखते हुए भाजपा अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत कर चुकी है। आज सत्ताधारी जदयू के अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने अपनी पहली वर्चुअल रैली को संबोधित कर पार्टी के चुनाव प्रचार की शुरुआत की। पार्टी के अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म से वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कोरोना काल कब तक चलेगा कोई नहीं जानता। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान एक-एक चीज पर काम किया गया है।

विपक्ष पर कसा तंज- जो लोग कुछ नहीं जानते वो कुछ भी बोल देते हैं

उन्होंने कहा कि इस काल में लोगों को रोगजार उपलब्ध कराने का काम भी किया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विपक्ष के नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग कुछ नहीं जानते वे कुछ भी बोल देते हैं, लेकिन उन्हें जानना चाहिए। उन्होंने कहा, हम लोग काम करते हैं, प्रचार नहीं करते हैं। जिन्हें कुछ जानकारी नहीं, वे कुछ भी बोलते रहते हैं।”

बिहार मुख्यमंत्री का दावा- कोरोना काल में 14.71 करोड़ से ज्यादा मानव दिवस रोजगार का हुआ सृजन

उन्होंने दावा करते हुए कहा कि लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में 14 करोड़ 71 लाख से ज्यादा मानव दिवस का रोजगार सृजन किया गया है। उन्होंने बिहारववासियों को सचेत करते हुए कहा कि आज भले ही कोरोना मरीजों की संख्या में कमी आई है, लेकिन कल क्या होगा, कोई नहीं जानता। इसलिए लोगों को भयभीत नहीं, सचेत रहने की जरूरत है।

मुख्यमंत्री ने दावा करते हुए कहा कि आज एक दिन में 1.50 लाख से ज्यादा लोगों की कोरोना जांच कराई जा रही है। मुख्यमंत्री ने बिहारवासियों से पूछा कि आज आपदा राहत के लिए कई काम हो रहे हैं, लेकिन पहले क्या होता था ? कुछ मिलता था क्या ?

नीतीश कुमार बोले- अब हर घर में बिजली, इसलिए लालटेन की जरूरत नहीं

सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि सत्ता में आने के बाद बाढ़ प्रभावित इलाकों के प्रत्येक परिवारों को ग्रैच्यूटस रिलीफ के रूप में 6 हजार रुपए की राशि दी जा रही है। उन्होंने दोहराते हुए कहा कि सरकारी खजाने पर आपदा पीड़ितों का पहला अधिकार है। वहीं राज्य की प्रमुख विपक्षी पार्टी आरजेडी के मुखिया और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को लेकर कहा कि उनकी बहू ऐश्वर्या के साथ कैसा सुलूक किया गया, ये सभी ने देखा है। उन्होंने आगे कहा कि आज बिहार के हर घर में बिजली पहुंच चुकी है, इसलिए बिहारवासियों को अब लालटेन की जरूरत नहीं है।

इससे पहले उन्होंने जदयू के डिजिटल प्लेटफोर्म पर लाने वाले लोगों को धन्यवाद दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here