Home Politics उपचुनाव के लिए कल से होंगे नामांकन, बीजेपी ने बनाए 4-4 नामों...

उपचुनाव के लिए कल से होंगे नामांकन, बीजेपी ने बनाए 4-4 नामों के पैनल

784
0
भाजपा-कांग्रेस

The Angle

जयपुर।

राजस्थान की तीन विधानसभा उपचुनाव वाली सीटों पर कल से नामांकन शुरू हो जाएंगे। राजसमंद, सहाड़ा और सुजानगढ़ सीटों पर कांग्रेस और भाजपा ने उम्मीदवार चुनने की कवायद तेज कर दी है। भाजपा ने तीनों सीटों पर दावेदारों के पैनल तय कर लिए हैं। यानी उस सीट से 4-4 प्रमुख नाम तय कर लिए हैं। कोर कमेटी से चर्चा के बाद इन नामों को चनुाव समिति को भेजा जाएगा। भाजपा प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह पिछले तीन दिन से अलग अलग बैठकें कर रहे हैं।

अजय माकन के साथ सीएम गहलोत, पीसीसी चीफ डोटासरा आज करेंगे चर्चा

वहीं कांग्रेस में अजय माकन के एक दिवसीय प्रदेश दौरे के दौरान इसपर काम शुरू होगा। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी अजय माकन उम्मीदवार चयन पर पहली बैठक करेंगे। इसमें मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। माकन उम्मीदवारों के पैनल पर चर्चा के बाद हाईकमान के पास नाम भेजेंगे। इसके बाद कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति में चर्चा के बाद इसे उम्मीदवारों की घोषणा की जाएगी।

भाजपा तीनों सीटों पर 4-4 नामों के पैनल कर चुकी तैयार

भाजपा ने इस दौड़ में आगे निकलते हुए तीनों सीटों पर 4-4 दावेदारों के पैनल तय कर लिए हैं। राजसमंद से दिवंगत विधायक किरण माहेश्वरी की बेटी दीप्ति माहेश्वरी, पूर्व सासंद हरिओम सिंह राठौड़ के पुत्र कर्णवीर सिंह राठौड़, भाजपा नेता महेंद्र कोठारी, जगदीश पालीवाल के नाम हैं। सहाड़ा में डॉ. रतनलाल जाट, बद्रीलाल जाट, डॉ. बालूराम जाट, रूपलाल जाट, लादूलाल पीतलिया के नामों पर चर्चा हुई है। सुजानगढ़ से संतोष मेघवाल, खेमाराम मेघवाल और बीएल भाटी के नाम पैनल में बताए जा रहे हैं। भाजपा प्रभारी अरुण सिंह ने राजसमंद और सहाड़ा के कार्यकर्ताओं से भी चर्चा की। इसके बाद कल देर रात प्रदेश भाजपा मुख्यालय में वरिष्ठ नेताओं में मंथन हुआ है।

कांग्रेस में संभावितों को मिल चुका इशारा, अब केवल औपचारिकता निभाना बाकी

वहीं कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक तीन सीटों पर उम्मीदवारों के नाम लगभग तय हैं। पार्टी जिन लोगों को उपचुनाव में प्रत्याशी बनाने वाली है, उन्हें पहले ही इशारा दिया जा चुका है। अब केवल उम्मीदवार चयन की केवल जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। सुजानगढ और सहाड़ा में दिवंगत विधायकों के परिवारों से ही टिकट दिया जाना तय है। सुजानगढ़ में दिवंगत विधायक और पूर्व मंत्री मास्टर भंवरलाल मेघवाल के पुत्र मनोज मेघवाल का टिकट तय माना जा रहा है।

हालांकि सहाड़ा में दिवंगत विधायक कैलाश त्रिवेदी की पत्नी गायत्री त्रिवेदी और भाई राजेंद्र त्रिवेदी को लेकर पेंच फंसा हुआ है। राजसमंद सीट पर कई खान कारोबारी दावेदारों में हैं। तनसुख बोहरा का नाम दौड़ में सबसे आगे बताया जा रहा है, लेकिन खबर है कि बोहरा पारिवारिक कारणों से चुनाव नहीं लड़ना चाहते। राजसमंद में तनसुख बोहरा, रमेश राठौड जैन, महेश प्रतापसिंह, आशा पालीवाल, सुंदर कुमावत, दिनेश बाबल, नारायण सिंह भाटी के नाम प्रमुख दावेदारों में हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here