Home National रोटी की तलाश में निकले 16 मजदूरों की ट्रेन से कटकर मौत,...

रोटी की तलाश में निकले 16 मजदूरों की ट्रेन से कटकर मौत, पीएम मोदी और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जताया दुख

344
0

दा एंगल।
औरंगाबाद।
वो अपनी रोज रोटी के लिए दर-दर भटक रहे हैं। लाॅकडाउन के चलते देशभर में बंद पड़ा है। हर तरफ सन्नाटा पसरा पड़ा है। फैक्ट्रियां और औद्योगिक प्रतिष्ठान बंद है। बंद के चलते जो जहां था वहां ही रहा गया। फैक्ट्रियां और औद्योगिक संस्थानों में काम करने वाले हजारों मजदूर बेरोजगार हो गए। वे एक-एक दाने के लिए मोहताज हो गए।

मजदूर लोग रोटी के लिए सरकार से गुहार करने लगे। वो लोग सरकार से अपने घरों को वापस जाने के लिए कहने लगे। कई जगह उन्होंने प्रदर्शन किए, कई मजदूर पैदल ही घरों के लिए निकल पड़े तो कई लोग साइकिल या किसी अन्य साधनों से अपने घरों की ओर से निकल पड़े। कई तो आधी दूरी भी तय नहीं कर पाए कि रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। सरकार ने इन मजदूरों के लिए विशेष ट्रेने चलाकर उनको अपने गंतव्य स्थानों पर पहुंचाने का काम किया।

औरंगाबाद में दुखद हादसा

वहीं महाराष्ट्र के औरंगाबाद में आज एक दुखद हादसा घटित हो गया। मालगाड़ी से 16 मजदूरों के कटने का मंजर दिल को चीर रहा है। खामोश पटरियों पर मौत का सन्नाटा पसरा है। लॉकडाउन के चलते ये सभी मजदूर अपने घर जाने के लिए 40 किलोमीटर चलकर आए थे। थकान ज्यादा लगी, तो पटरी पर सो गए। लेकिन उन्हें क्या पता था कि उनका सफर यही खत्म हो जाएगा।

पटरी पर सोए और उठे ही नहीं

ये 18 मजदूर महाराष्ट्र की एक स्टील फैक्ट्री में काम करते थे। लॉकडाउन की वजह से काम बंद था। इन्होंने सोचा होगा ऐसे में घर ही चले जाएं। लॉकडाउन में यातायात के साधन बंद हैं और इन्हें औरंगाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचना था। ये सभी मजदूर मध्य प्रदेश के बताए जा रहे हैं, मध्य प्रदेश के लिए औरंगाबाद से ट्रेन चल रही थी। इसलिए पटरी-पटरी स्टेशन के लिए निकल पड़े। खबरों के मुताबिक, ये लोग जालना से औरंगाबाद पैदल जा रहे थे। दोनों के आपस की दूरी कुल 60 किलोमीटर है। कोरोना के चलते यातायात बंद है, ट्रेने बंद है। तो यही सोच ये पैदल ही निकल लिए।

चलते-चलते ये लोग बहुत थक गए और पटरी पर ही बिस्तर लगाकर लेट गए और इनको पता नहीं था कि ये उनका आखिर सफर है। सुबह एक मालगाड़ी आई और इनके ऊपर से गुजर गई। सुबह लोगों ने पटरी पर यह नजारा देखा तो उनका दिल भी पसीज गया। पटरी के चारों ओर लाशें ही लाशें दिखाई दे रही थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर इस घटना पर दुख जताया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here