Home National दिल्ली में CAA पर बोले पीएम नरेंद्र मोदी, कांग्रेस और अन्य पार्टियों...

दिल्ली में CAA पर बोले पीएम नरेंद्र मोदी, कांग्रेस और अन्य पार्टियों को दी ये नसीहत

503
0
नसीहत

द एंगल।

नई दिल्ली।

पीएम नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘आभार रैली’ का आयोजन किया। इस रैली को पीएम नरेंद्र मोदी ने संबोधित किया और अपनी विरोधी पार्टियों को नसीहत दी। पीएम मोदी को सुनने के लिए हजारों की संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता रामलीला मैदान पहुंचे।

पीएम मोदी ने मंच पर आते ही सभी पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और दिल्ली की जनता का आभार व्यक्त किया। पीएम मोदी ने मंच से नागरिकता संशोधन कानून पर पहली बार चुप्पी तोड़ते हुए कहा, ‘अगर आपको मैं पसंद नहीं हूं, मोदी से नफरत है, तो मोदी के पुतले को जूते मारो, मोदी का पुतला जलाओ लेकिन देश के गरीब का ऑटो मत जलाओ, किसी की संपत्ति मत जलाओ। सारा गुस्सा मोदी पर निकालो।
हिंसा के बल पर आपको क्या मिलेगा। कुछ लोग पुलिस वालों पर पत्थर बरसा रहे हैं। पुलिस वाले किसी के दुश्मन नहीं होते। आजादी के बाद 33 हजार हमारे पुलिस भाइयों ने शांति और सुरक्षा के लिए शहादत दी है। ये आंकड़ा कम नहीं होता है।’

अर्बन नक्सल फैला रहे झूठ

पीएम मोदी ने आगे कहा, ‘नागरिकता कानून से कोई प्रभावित नहीं हो रहा है। कुछ अर्बन नक्सल झूठ फैला रहे हैं। आप लोग पढ़े-लिखे हो, पहले इसे पढ़ तो लो। इस कानून से किसी भी मुस्लिम को डिटेंशन सेंटर में नहीं रहना होगा। भारत में डिटेंशन सेंटर हैं कहां। ये लोग झूठ बोलकर देश को गुमराह कर रहे हैं। आप लोग इनके बहकावे में न आओ।

आप सोचो कि एक सत्र में हमारी सरकार दिल्ली के लोगों को घर दिलाने के लिए बिल ला रही है और दूसरे ही पल हम लोगों को देश के निकालने के लिए बिल लाएंगे क्या। आप इन लोगों के इरादे समझिए। ये लोग आपको लड़ाना चाहते हैं। नागरिकता बिल पास होने पर दिल्ली के मजनू का टीला इलाके में रहने वाले एक परिवार ने अपनी नवजात बिटिया का नाम नागरिकता रख दिया। भारत की नागरिकता मिलने की खुशी उनसे बेहतर कौन जान सकता है। आप याद रखिए कि ये नागरिकता देने वाला कानून है, किसी की नागरिकता छीनने वाला नहीं।’

पीएम मोदी ने अन्य पार्टियों दी ये नसीहत

अन्य पार्टियों को नसीहत देते हुए पीएम ने कहा, ‘देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने संसद में कहा था कि हमें बांग्लादेश में प्रताड़ित हो रहे लोगों को नागरिकता देनी चाहिए। कांग्रेस के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई कहते थे कि बांग्लादेश से आने वाले लोगों की मदद करनी चाहिए। राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने भी शरणार्थियों को सरकार से राहत देने की मांग की थी। ये लोग रातों-रात बदल गए।

कल तक हमदर्द थे और आज इनको दर्द हो रहा है। ममता दीदी कोलकाता से सीधे यूएन पहुंच गईं। कुछ साल पहले दीदी संसद में गुहार लगा रही थीं कि बांग्लादेश से आने वालों की मदद की जाए। संसद में स्पीकर के सामने कागज फेंकती थीं। ममता दीदी अब आपको क्या हो गया। आप क्यों बदल गईं। चुनाव आते हैं, जाते हैं, सत्ता आती है चली जाती है। बंगाल की जनता पर भरोसा करो। जनता पर से आपका विश्वास क्यों उठ गया है।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here