The Angle
श्रीनगर।
सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगने वाले बयान पर कांग्रेस नेता और मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह अलग-थलग पड़ गए हैं। पार्टी ने उनके बयान से पहले ही खुद को पूरी तरह अलग कर लिया है। वहीं अब कांग्रेस सांसद और भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे राहुल गांधी ने भी इसे लेकर बयान दिया है। जम्मू-कश्मीर में यात्रा के आखिरी चरण में चल रहे राहुल गांधी मीडिया से रूबरू हुए।
राहुल गांधी बोले- कांग्रेस ने सेना के शौर्य पर कभी नहीं उठाए सवाल, दिग्विजय से सहमत नहीं
राहुल गांधी ने कहा कि सेना के शौर्य पर कांग्रेस ने कभी सवाल नहीं उठाया है। अगर सेना कुछ करती है तो उस पर सबूत की जरूरत नहीं। ये उनकी निजी राय है। मैं इससे सहमत नहीं हूं। जब हम अंग्रेजों से लड़ रहे थे, तब भाजपा-संघ के लोग उनके साथ थे। उन्हीं के नेताओं ने 2 देशों का कॉन्सेप्ट दिया। जहां तक दिग्विजय जी के बयान की बात है। उन्होंने जो सर्जिकल स्ट्राइक पर कहा, उससे हम पूरी तरह डिसएग्री करते हैं। हमारी आर्मी पर हमें पूरा भरोसा है। अगर आर्मी कुछ करे तो सबूत देने की जरूरत नहीं। मैं दिग्विजय सिंह के बयान से पूरी तरह असहमत हूं। निजी तौर पर मेरा यह मानना है कि उन्होंने जो कुछ भी कहा, वह उनकी निजी राय है। कांग्रेस पार्टी भी इससे सहमत नहीं है।
दिग्विजय ने सेना से मांगे थे सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत
वहीं इससे पहले जम्मू में ही भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह से सवाल पूछने पर साथी जयराम रमेश भड़क गए। मीडिया दिग्विजय से सर्जिकल स्ट्राइक पर दिए बयान पर सवाल कर रहा था। इसी दौरान जयराम रमेश आए और कहने लगे- बहुत हो गया। आप लोग हमें चलने दीजिए। हम सभी सवालों के जवाब दे चुके हैं। आप प्रधानमंत्री से जाकर सवाल पूछिए। बता दें दिग्विजय सिंह ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान ही कहा था कि सरकार ने कभी सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत नहीं दिया। हालांकि बयान पर विवाद बढ़ने पर उन्होंने बाद में सफाई भी दी थी कि हम भारतीय सेना का सम्मान करते हैं और वह हमारे लिए सबसे ऊपर है।