Home National प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनने के 4 महीने में ही दिया राजीव बिंदा...

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनने के 4 महीने में ही दिया राजीव बिंदा ने इस्तीफा, यह बताई वजह

633
0

द एंगल।

शिमला।

हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल ने अपनी नियुक्ति के साढ़े चार महीने के भीतर ही कल बुधवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। बिंदल ने कहा कि वे इसलिए इस्तीफा दे रहे हैं क्योंकि सुनिश्चित करना चाहते हैं कि भ्रष्टाचार के कथित मामले में समुचित जांच हो।

स्वास्थ्य सेवा निदेशक अजय कुमार गुप्ता का घूस मांगने का ऑडियो हुआ था वायरल

भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा को भेजे त्यागपत्र में बिंदल ने कहा है कि वे नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे रहे हैं क्योंकि कुछ लोग राज्य के स्वास्थ्य निदेशक द्वारा किए गए कथित भ्रष्टाचार में पार्टी का नाम घसीट रहे हैं। राज्य सतर्कता और भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो ने स्वास्थ्य सेवा निदेशक अजय कुमार गुप्ता को 20 मई को गिरफ्तार किया था। यह गिरफ्तारी तब हुई जब उनका 43 सेकेंड का एक ऑडियो रिकॉर्डिंग वायरल हुआ। इस ऑडियो रिकॉर्डिंग में वे किसी व्यक्ति से कथित तौर पर पांच लाख रुपए घूस के लिए कह रहे थे।

विधानसभा अध्यक्ष पद से इस्तीफा देकर प्रदेशाध्यक्ष बने थे बिंदल

एक अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद गुप्ता को राज्य सरकार ने निलंबित कर दिया। विधानसभा अध्यक्ष के पद से इस्तीफा देने के बाद 18 जनवरी को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बने बिंदल ने कहा कि उन्होंने इसलिए त्यागपत्र दे दिया ताकि मामले की जांच बिना किसी दबाव के और निष्पक्ष रूप से हो सके। भाजपा ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष ने बिंदल का इस्तीफा स्वीकार लिया है।

बिंदल बोले- मामले में पार्टी का नाम घसीटना अन्याय होगा

बिंदल ने प्रदेश भाजपा पर ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि कथित भ्रष्टाचार से भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है। साथ ही कहा कि राज्य सरकार ने तुरंत कदम उठाया और स्वास्थ्य अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की। बिना किसी का नाम लिए उन्होंने कहा कि मामले में भाजपा का नाम घसीटना पार्टी के प्रति अन्याय होगा क्योंकि लॉकडाउन के दौरान पार्टी ने खाने के पांच लाख से ज्यादा पैकेट, 1.10 लाख राशन किट और 30 लाख से ज्यादा मास्क बांटे हैं।

कांग्रेस ने की उच्च न्यायालय के मौजूदा न्यायाधीश से मामले की जांच करवाने की मांग

बिंदल के इस्तीफा दिए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस ने कहा कि भाजपा कोरोना वायरस महामारी के दौरान भी स्वास्थ्य विभाग को भ्रष्टाचार से मुक्त नहीं कर पाई। प्रदेश कांग्रेस ने उच्च न्यायालय के मौजूदा न्यायाधीश से मामले की जांच कराने की मांग की क्योंकि सतर्कता ब्यूरो द्वारा की जा रही जांच में उसे भरोसा नहीं है। कांग्रेस ने दावा किया कि राज्य भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल का इस्तीफा यह दर्शाता है कि स्वास्थ्य विभाग में लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोप सही थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here