दा एंगल।
जयपुर।
आरसीए के नए मुखिया सहित अन्य पदों को लेकर चुनाव जारी है। RCA में भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। मुख्य मुकाबला सीएम अशोक गहलोत के पुत्र वैभव गहलोत और डूडी गुट के रामप्रकाश चौधरी के बीच है। इसके साथ ही उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव, सचिव, कोशाध्यक्ष पद को लेकर दोनों ही गुटों के प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं।
बाड़ाबंदी से वोट डालने पहुंचे प्रत्याशी-
आरसीए चुनाव में अध्यक्ष पद पर वैभव गहलोत की जीत तय मानी जा रही है। उपाध्यक्ष पद पर अमीन पठान और ऐशवर्य कटोच के बीच कड़ा मुकाबला है। आरसीए में वैभव के पक्ष के जिला संघों ने एक साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इन सभी को एक साथ अचरोल स्थित एक फार्म हाउस से एकेडमी लाया गया, जहां उन्होंने अपना मताधिकार का प्रयोग किया।
चुनावी झलकियां
-आरसीए चुनाव में सबसे पहला वोट राजसमंद जिला संघ सचिव गिरिराज सनाढ्य ने डाला।
-चुनाव के लिए कुल 32 वोटर है जो अपने वोट से किसी एक को विजय बनाएंगे। दोपहर 12 बजे तक मतदान पूरा हो जाएगा।
-डूडी गुट ने लगाया सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप
-डूडी गुट से अध्यक्ष पद के उम्मीदवार राम प्रकाश चौधरी ने कहा कि प्रशासन ने स्टेडियम में एक हजार पुलिसकर्मी लगा रखे हैं जो सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग है।
विवादों में रहे हैं RCA चुनाव
आरसीए अध्यक्ष पद पर वैभव गहलोत का मुकाबला जोधपुर से सचिव रामप्रकाश चौधरी से है। इससे पहले राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम दिन विभिन्न पदों के लिए नामांकन भरे गए थे। रामेश्वर डूडी ग्रुप की ओर से अध्यक्ष पद के लिए डूडी और रामप्रकाश चौधरी ने नामांकन भरते हुए वैभव गहलोत को सीधी चुनौती दी थी। नामांकन के बाद रामेश्वर डूडी ने धृतराष्ट्र का उदाहरण देते हुए कहा कि आरसीए में भी महाभारत हो रही है। हम पीछे नहीं हटेंगे। वहीं इस मामले में जस्टिस ज्ञानसुधा मिश्रा ने अलवर, नागौर और टोंक जिले को राहत देने का आदेश भी दिया था। हालांकि इसके बावजूद चुनाव अधिकारी ने रामेश्वर डूंडी, विनोद सहारण और आरएस नांदू का नामांकन खारिज कर दिया था।