Home National उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ के पिता का लंबी बीमारी के...

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ के पिता का लंबी बीमारी के बाद निधन

476
0

दा एंगल।
लखनऊ।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन हो गया है। वे 89 वर्ष के थे। वह लंबे अरसे से बीमार चल रहे थे। दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में उन्हें इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। यूपी सरकार ने सीएम के पिता आनंद सिंह बिष्ट के निधन की पुष्टि की है। यूपी के एडिशनल चीफ सेक्रटरी होम अवनीश अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता का आज सुबह 10 बजकर 44 मिनट पर स्वर्गवास हो गया है। हम उनके निधन पर गहरी शोक संवेदना प्रकट करते हैं।

सीएम योगी आदित्यनाथ को पिता के निधन की सूचना दे दी गई है। खास बात है कि जब यह खबर सीएम योगी को दी गई, तब वह कोरोना संकट पर बनी टीम-11 की मीटिंग कर रहे थे। खबर मिलने के बाद भी मीटिंग को रोका नहीं गया। पिता के अंतिम संस्कार में सीएम योगी के जाने की फिलहाल कोई सूचना नहीं है।

किडनी और लिवर की थी समस्या

उत्तराखंड में पौड़ी जिले के यमकेश्वर के पंचूर गांव के निवासी आनंद सिंह बिष्ट की बीते महीने ज्यादा तबीयत खराब हो गई थी। इसके बाद उन्हें दिल्ली के एम्स लाया गया था। यहां उन्हें एबी वॉर्ड में रखा गया था। गैस्ट्रो विभाग के डॉक्टर विनीत आहूजा की टीम उनका इलाज कर रही थी। रविवार को उनकी अचानक तबीयत फिर से खराब हो गई थी।

फॉरेस्ट रेंजर के पद से हुए थे रिटायर

आनंद सिंह बिष्ट को लंबे समय से लीवर और किडनी की समस्या थी। डॉक्टरों ने उनकी डायलिसिस भी की थी। पौड़ी में तबीयत खराब होने के बाद उन्हें पहले जॉलीग्रांट के हिमालयन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। हालत में सुधार न होने के बाद उन्हें एयर ऐंबुलेंस से दिल्ली ले जाया गया। यूपी सीएम के पिता उत्तराखंड में फॉरेस्ट रेंजर थे। वह 1991 में रिटायर हो गए थे। रिटायरमेंट के बाद से वह अपने गांव में आकर रहने लगे थे।

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल समेत सरकार के सभी मंत्रियों, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू व अन्य विपक्षी दलों के नेताओं और भाजपा नेताओं ने सीएम योगी के पिता के निधन पर दुःख व्यक्त किया है। बीजेपी नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सीएम के पिता के निधन पर शोक संदेश में कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के पिताजी श्री आनंद सिंह बिष्ट जी के दुखद निधन पर मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शान्ति प्रदान करें और शोक संतप्त परिजनों को यह आघात सहने की शक्ति दें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here