दा एंगल
जयपुर।
पीसीसी में आयोजित बैठक के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा की राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर 2 अक्टूबर से आयोजित होने वाले गांधी सप्ताह में राज्य व जिला स्तर पर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही आगामी एक वर्ष तक होने वाले इन कार्यक्रमों सहित गांधी सप्ताह के आयोजनों में विभिन्न विभागों के साथ-साथ स्वयंसेवी संगठनों, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संस्थाओं, खादी एवं ग्रामोद्योग संस्थाओं सहित आमजन को व्यापक रूप से जोड़ा जाए।
पटेल ने किया था आरएसएस को प्रतिबंधित – अशोक गहलोत
इसी दौरान सीएम अशोक गहलोत ने कहा की सरदार वल्लभभाई पटेल ने ही गांधीजी की हत्या के बाद आरएसएस को प्रतिबंधित किया था। आरएसएस और भाजपा लगातार महात्मा गांधी और पटेल के नाम पर राजनीति कर रही है। हमें इसे एक्सपोज करना है। भाजपा युवाओं को गलत राह पर ले जा रही है जो गलत है।
सत्ता और सरकार में अच्छा तालमेल – पांडे
बैठक के बाद प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा की कांग्रेस में गुटबाजी की खबरें बिल्कुल गलत है। चुनाव से पहले भी विपक्ष ऐसी ही अफवाह उठाता था। राजस्थान में सरकार और संगठन दोनों आपसी तालमेल से कार्य कर रहे है। हमारा टारगेट ज्यादा से ज्यादा लोगों को कांग्रेस से जोड़ना है। इसी दौरान पांडे से जब मंत्रीमंडल में फेरबदल को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा की इसपर भी चर्चा की गई है।
पीसीसी में भी मंत्री करेंगे जनसुनवाई- पायलट
उपमुख्यमंत्री और पीसीसी चीफ सचिन पायलट ने बसपा विधायकों के कांग्रेस में शामिल होने पर कहा की वो बिना लोभ लालच के शामिल हुए है। यह एक अच्छी बात है सरकार और मजबूत और स्थिर होगी। उन्होंने अपना व्यक्तिगत स्वार्थ ना देखते हुए क्षेत्र की जनता को देखा है। सरकार ने नौ महीने में जो काम किया है। जनता उसको पसंद कर रही है। अब निकाय के चुनाव है। इसलिए कांग्रेस पूरी तरह तैयार हैं। 2 से 9 अक्टूबर तक कई कार्यक्रम होंगे। इस हफ्ते में श्रमदान भी होगा और नई पीढी को महात्मा गांधी के विचारों से जोड़ा जाएगा। महात्मा गांधी ने जो कांग्रेस और देश के विकास के लिए किया वह जनता को बताया जाएगा।