Home National भाजपा मना रही अपना 44वां स्थापना दिवस, पीएम मोदी ने विपक्ष पर...

भाजपा मना रही अपना 44वां स्थापना दिवस, पीएम मोदी ने विपक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

238
0
भाजपा मना रही अपना 44वां स्थापना दिवस, पीएम मोदी ने विपक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

The Angle

नई दिल्ली।

केंद्र और देश के कई राज्यों में सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी आज अपना 44वां स्थापना दिवस मना रही है। इस मौके पर दिल्ली स्थित पार्टी के राष्ट्रीय मुख्यालय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसे पीएम मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि इनकी संस्कृति परिवारवाद, वंशवाद, जातिवाद और क्षेत्रवाद की रही है, जबकि भाजपा की राजनीतिक संस्कृति प्रत्येक देशवासी को साथ लेकर चलने की है।

पीएम मोदी बोले- लोकतंत्र की कोख से हुआ भाजपा का जन्म

मोदी ने भारत को भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों से मुक्त करने की प्रतिबद्धता पर भी जोर दिया। भारत को लोकतंत्र की जननी बताते हुए मोदी ने कहा कि प्रारंभ से ही भाजपा की आस्था जनता के विवेक पर रही है और दिनों दिन वह आस्था और मजबूत होती जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने लोकतंत्र की कोख से जन्म लिया, भाजपा लोकतंत्र के अमृत से पोषित है और भाजपा देश के लोकतंत्र और उसके संविधान को मजबूत करते हुए समर्पण भाव से दिन-रात देश के लिए काम कर रही है। वहीं उन्होंने भाजपा को विकास, विश्वास और नए विचार का पर्याय भी बताया।

विपक्षी दलों पर लगाया परिवारवाद का आरोप

प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते वर्षों में बहुत सारे दलों ने सामाजिक न्याय के नाम पर राजनीति का दिखावा किया और इन दलों के मुखिया अपने परिवार का भला करते रहे। मोदी ने कहा कि उन्होंने समाज की कतई चिंता नहीं की, जबकि भाजपा सामाजिक न्याय को जीती है, उसकी भावना का अक्षरश: पालन करती है। 80 करोड़ गरीबों को बिना भेदभाव मुफ्त राशन मिलना सामाजिक न्याय का ही प्रतिबिंब है। 50 करोड़ गरीबों को बिना भेदभाव 5 लाख रुपए तक मुफ्त इलाज की सुविधा मिलना सामाजिक न्याय की ही सशक्त अभिव्यक्ति है।

देश के वंचित तबके लिए आशा की किरण बनी हुई है भाजपा- मोदी

उन्होंने कहा कि भाजपा सही अर्थों में देश के वंचित तबके के लिए आशा की किरण बनी हुई है। वहीं विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कांग्रेस जैसी पार्टियों की संस्कृति छोटा-छोटा सोचना, छोटे सपने देखना और उससे भी कम हासिल करके खुशियां मनाना है। खुशी मतलब एक दूसरे की पीठ थपथपाना है। भाजपा की राजनीतिक संस्कृति है बड़े सपने देखना और उससे भी ज्यादा हासिल करने के लिए जी-जान से खप जाना। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों की संस्कृति में महिलाओं की चुनौतियों की परवाह ही नहीं की जाती, जबकि भाजपा की राजनीतिक संस्कृति महिलाओं के जीवन को आसान बनाना रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here