The Angle
जयपुर।
राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग का समय नजदीक आने के साथ ही नेताओं के जुबानी हमले भी तेज होने लगे हैं। गहलोत सरकार में मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने जयपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए भाजपा पर जोरदार हमला बोला। खाचरियावास ने कहा कि भाजपा नेताओं को काम पर बात करनी चाहिए। राजस्थान से 25 सांसद हैं। उन्होंने अपने काम का हिसाब नहीं दिया। ईआरसीपी को लेकर भाजपा राजनीति कर रही है। महंगाई, गरीबी, बेरोजगारी पर चुनाव में जो वादे किए थे, उसे पर कोई भाजपा नेता नहीं बोल रहा है। 50 दिन में देश बदलने की बात कहने वाले, 50 दिन में देश के हालात और बिगाड़ गए। काला धन आज तक नहीं आया। भाजपा मुद्दों से ध्यान हटाने की राजनीति करती है।
भाजपा पर लगाया जनता से किए वादे पूरे नहीं करने का आरोप
मंत्री खाचरियावास ने कहा कि पिछले 9 सालों में नोटबंदी, जीएसटी, महंगाई, पेट्रोल डीजल जैसे जनता को परेशान करने वाले मुद्दे लेकर आई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल की कीमतों में गिरावट के बावजूद मोदी सरकार देश में महंगा पेट्रोल-डीजल बेच रही है। केंद्र सरकार ने 2 करोड़ रोजगार देने की बात कही थी, आज तक पूरा नहीं हुआ। भाजपा मुद्दों से भटक रही है, जबकि हमारी सरकार का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने है।
प्रताप सिंह खाचरियावास ने भाजपा पर लगाया दंगे करवाने का आरोप
इसके साथ ही सिविल लाइन्स विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी खाचरियावास ने भाजपा पर दंगे करवाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा मुख्यालय में बैठकर उनके नेता दंगा करने की रणनीति बनाते हैं। देश को आज भाजपा से सावधान रहना चाहिए। देश में 400 वर्षों से हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई साथ रह रहे हैं। मंदिर-मस्जिद जयपुर की शान हैं। लेकिन पलायन के नाम पर भाजपा माहौल बना रही है। शहर के लोगों का यहां और गांव, दोनों जगह मकान है। परिवार बढ़ता है तो इसको बीजेपी पलायन का नाम दे देती है।
जनता काम के हिसाब से लेगी फैसला- कैबिनेट मंत्री
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि केंद्र की भाजपा सरकार महंगाई रोकने में विफल रही है। हमारी सरकार ने 100 यूनिट बिजली फ्री की। किसानों को 2000 यूनिट मुफ्त बिजली दे रही है। महंगाई कैंपों के माध्यम से प्रदेश के लगभग 2 करोड़ परिवारों को सरकारी योजनाओं का सीधा फायदा मिला है। महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूल पूरे देश में मिसाल बने। अब जनता काम के हिसाब से फैसला करेगी, जहां काम होता है वहां भगवान राम का वास होता है। राजस्थान में फिर से कांग्रेस की सरकार बनेगी। हम बीजेपी से बहुत आगे हैं। हमारा कार्यकर्ता जमीन पर काम कर रहा है।