Home International Health मुख्य सचेतक महेश जोशी ने मानी गलती, कहा- भविष्य में ध्यान रखूंगा,...

मुख्य सचेतक महेश जोशी ने मानी गलती, कहा- भविष्य में ध्यान रखूंगा, जानिए क्या है पूरा मामला

564
0
मुख्य सचेतक महेश जोशी (फाइल इमेज)

The Angle

जयपुर।

कोरोना काल में लोगों की जान बचाने के लिए गहलोत सरकार सख्ती बरत रही है और कोविड गाइडलाइन्स का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई भी की जा रही है। लेकिन हाल ही में एक तस्वीर सामने आई थी, जिसमें मुख्य सचेतक डॉ. महेश जोशी साफ तौर पर कोरोना गाइडलाइन्स का उल्लंघन करते नजर आए। दरअसल जोशी एक शादी समारोह में शिरकत करने पहुंचे थे, जहां वे बिना मास्क लगाए नजर आए। समारोह की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कहा जाने लगा था कि शायद सरकार अपनों के लिए अलग और आम जनता के लिए अलग-अलग मानदंड रखती है। लेकिन आज डॉ. महेश जोशी ने जो किया है, उसकी हर कोई खुले दिल से सराहना कर रहा है।

प्रदेश के सभी नागरिकों पर समान रूप से लागू होती हैं पाबंदियां- महेश जोशी

दरअसल इस घटनाक्रम पर महेश जोशी ने न सिर्फ खेद जताया, बल्कि हैरिटेज नगर निगम के सिविल लाइन्स जोन में जाकर कोरोना गाइडलाइन्स का उल्लंघन करने के चलते अपना चालान भी कटवाया और 500 रुपए की जुर्माना राशि भी जमा करवाई। ताकि आमजन में किसी तरह का कोई गलत संदेश नहीं जाए। इसके साथ ही उन्होंने ये भी विश्वास दिलाया कि कानून की पाबंदियां प्रदेश के हर नागरिक पर समान रूप से लागू होती हैं और भविष्य में भी इस बात का पूरी तरह ख्याल रखेंगे कि फिर से किसी भी तरह के कानून का उल्लंघन नहीं हो।

महेश जोशी ने फोटोग्राफर के आग्रह पर कुछ देर के लिए हटाया था अपना मास्क

महेश जोशी ने बताया कि उनकी बिना मास्क पहने फोटो वायरल होने के बाद उन्होंने ये फैसला लिया। इसके साथ ही उनकी फोटो दिखाने वाले अखबारों का भी उन्होंने धन्यवाद दिया। महेश जोशी ने बताया कि संबंधित फोटो वर पक्ष के अस्थाई आवास पर खिंचवाई गई थी जहां दूल्हा तैयार हो रहा था। वहां मौजूद लोगों की संख्या 15-20 ही थी, जो कि कोरोना गाइडलाइन्स के अनुरूप ही थी। इसके अलावा पूरे समारोह में वे मास्क पहने हुए थे। केवल वर-वधू के साथ फोटो खिंचवाने के दौरान फोटोग्राफर के आग्रह पर उन्होंने कुछ देर के लिए अपना मास्क हटाया था। लेकिन इसका समाज में गलत संदेश जाता, इसलिए उन्होंने संबंधित निगम के जोन में जाकर जुर्माना राशि जमा करवाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here