किसानों का आंदोलन अब काफी उग्र होता जा रहा है। लगातार 12 दिनों से कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलनकारी किसानों के समर्थन में अब कई राजनीतिक पार्टियां भी आ गई है। किसान आंदोलन के समर्थन में समाजवादी पार्टी के मुखिया और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले कन्नौज के लिए निकल रहे अखिलेश यादव को जब पुलिस ने रोका तो वे वही धरने पर बैठ गए। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, हमारे कार्यकर्ताओं ने कई स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किया है. उन्होंने कहा, पुलिस ने हमारे वाहनों को रोक दिया है। चाहे तो हमें जेल में डाल दे सरकार लेकिन हम केंद्र के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों के समर्थन में प्रदर्शन के लिए कन्नौज जाकर रहेंगे।
अखिलेश यादव ने शायरी के जरिए सरकार पर साधा निशाना
वहीं सपा ने अपने ट्वीट पर कहा की समाजवादी पार्टी अन्नदाता से अन्याय के खिलाफ अंतिम सांस तक संघर्षरत रहेगी। किसान यात्रा को रोकने के लिए सत्ता दमन की हर सीमा पार कर रही है। किसानों की आवाज बुलंद करने के लिए निकले राष्ट्रीय अध्यक्ष को असंवैधानिक तरीके से रोके जाना घोर निंदनीय है। अखिलेश यादव ने इसी मसले पर तंज कसते हुए शायरी ट्वीट की और सरकार पर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने ट्वीट कर लिखा, ‘जहां तक जाती नजर वहां तक लोग तेरे खिलाफ है, ऐ जुल्मी हाकिम तू किस किस को नजरबंद करेगा।
वहीं आपको बता दे आंदोलनकारी किसानों ने 8 दिसंबर को भारत बंद का आह्वान किया है। जिसका ज्यादातर राजनीतिक पार्टियों ने समर्थन किया है। आज सुबह दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी आंदोलनकारी किसानों से मिले और उनका समर्थन किया। केजरीवाल ने किसानों के धरना स्थल जाकर वहा की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।