The Angle
मॉस्को।
पीएम नरेन्द्र मोदी के रूस दौरे का आज दूसरा दिन है। आज पीएम मोदी ने मॉस्को में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मैं यहां अकेला नहीं आया हूं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का प्यार और भारत की मिट्टी की खुशबू अपने साथ लेकर आया हूं। मुझे आज शपथ लिए पूरा एक महीना हो गया है। मैंने प्रण लिया था, मैं तीसरी टर्म में तीन गुना रफ्तार से काम करूंगा। वहीं उन्होंने अपनी सरकार के तीसरे कार्यकाल से जुड़े 3 सुखद संयोग भी साझा किए। मोदी ने कहा कि इस तीसरे कार्यकाल में भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाना है। हमारा लक्ष्य 3 करोड़ लखपति दीदी बनाना है। हमारा लक्ष्य गरीबों के लिए तीन करोड़ घर बनाना है।
पीएम मोदी बोले- भारत बदल रहा, दुनिया देख रही भारत का नवनिर्माण
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि अब दुनिया कह रही है कि भारत बदल रहा है। दुनिया भारत का नवनिर्माण देख रही है। आज का भारत जो लक्ष्य ठान लेता है उसे पूरा करता है। आज भारत वो देश है जहां दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्ट-अप इको सिस्टम है। 2014 में जब आप लोगों ने मुझे पहली बार देश की सेवा करने का मौका दिया। तब कुछ सैकड़ों में स्टार्ट-अप हुआ करते थे, लेकिन आज लाखों में है। उन्होंने कहा कि चुनौती को चुनौती देना, ये मेरे डीएनए में है।
शहीद रूसी जवानों को दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत वो देश है जो रिकॉर्ड संख्या में पेटेंट फाइल कर रहा है। रिसर्च पेपर पब्लिश कर रहा है और यही मेरे देश के युवाओं की शक्ति है। दुनिया भी हिंदुस्तान के नौजवानों के टैलेंट को देखकर अचंभित है। बता दें इसके बाद उन्होंने दूसरे विश्व युद्ध के दौरान अनाम उत्सर्ग करने वाले रूस के जवानों को श्रद्धांजलि दी, जबकि एटम सेंटर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन उनके साथ मौजूद रहे।