
The Angle
जयपुर।
दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार के 2 मंत्री अलग-अलग मामलों में जेल में बैठे हुए हैं और पार्टी राजस्थान में अपने चुनावी अभियान का शंखनाद करने की तैयारी कर रही है। दिल्ली के बाद पंजाब में सरकार बनाने और गोवा में 5 विधायकों की जीत के बाद पार्टी नेताओं के हौसले बुलंदी पर हैं और यही वजह है कि राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा हासिल कर चुकी आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अब राजस्थान में भी पार्टी का खाता खुलवाने के लिए अभी से पूरी ताकत झोंकने की तैयारी में हैं।
आम आदमी पार्टी कल जयपुर में निकालेगी तिरंगा यात्रा, अरविंद केजरीवाल सभा को करेंगे संबोधित
अब पार्टी कल प्रदेश की राजधानी जयपुर में तिरंगा रैली करने जा रही है, जिसमें दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान शामिल होंगे। ये यात्रा अल्बर्ट हॉल से शुरू होगी, जो न्यू गेट, एमआई रोड पर सांगानेरी गेट होते हुए रामलीला मैदान पहुंचेगी। करीब आधा किलोमीटर की इस यात्रा में पार्टी के सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा हाथ में लेकर उसे फहराएंगे। इस मौके पर आप के प्रदेश प्रभारी विनय मिश्रा प्रभारी समेत अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। जानकारी के मुताबिक तिरंगा रैली के बाद दोनों नेता रामलीला मैदान में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
आप की प्रदेश कार्यकारिणी का ऐलान कर सकते हैं केजरीवाल
बता दें फिलहाल आप पार्टी की प्रदेश में कार्यकारिणी का गठन नहीं हो सका है। ऐसे में चर्चाएं हैं कि केजरीवाल सभा के मंच से पार्टी की कार्यकारिणी का ऐलान कर सकते हैं। साथ ही पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष की घोषणा भी इसी मंच से चुनाव से पहले की जा सकती है, ताकि राज्य में आम आदमी पार्टी के चुनावी अभियान को धार दी जा सके। वहीं चर्चा तो यह भी है कि प्रदेश में करीब 50 से ज्यादा ऐसी सीटों पर पार्टी चुनाव लड़ने का मानस बना रही है, जहां भाजपा-कांग्रेस दोनों ही पार्टियों के प्रति जनता में नाराजगी है, ताकि वहां आम आदमी पार्टी जनता के लिए तीसरा विकल्प बन सके।