The Angle
जयपुर।
परिवर्तन संकल्प यात्राओं के जरिए भाजपा राजस्थान में अपने चुनावी अभियान का शंखनाद कर रही है और अब पार्टी के विभिन्न नेता इन यात्राओं के जरिए प्रदेश की सभी 200 विधानसभा सीटों का दौरा कर राज्य सरकार की विफलताओं और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने में लगे हुए हैं। इस बीच कांग्रेस ने भी अपने राष्ट्रीय नेताओं के राजस्थान में चुनावी दौरे करवाना शुरू कर दिया है। 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर जहां राहुल गांधी ने विशाल जनसभा को संबोधित किया था, वहीं हाल ही में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भीलवाड़ा के गुलाबपुरा में जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र की मोदी सरकार और भाजपा पर जोरदार हमला बोला था।
प्रियंका गांधी निवाई में जनसभा को करेंगी संबोधित
वहीं अब कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी राजस्थान के 3 दिवसीय दौरे पर रणथंभौर पहुंच गई हैं। जानकारी के मुताबिक आज और कल प्रियंका गांधी का दौरा निजी रहेगा, जबकि 10 सितंबर को वे टोंक के निवाई में एक जनसभा को संबोधित करेंगी। इस दौरान प्रियंका गांधी कुछ महिला लाभार्थियों को इंदिरा गांधी स्मार्ट फोन योजना के तहत स्मार्ट फोन भी वितरित करेंगी। साथ ही इंदिरा गांधी रसोई का भी शुभारंभ करेंगी।
सीएम गहलोत आएंगे निवाई, सभा स्थल का करेंगे निरीक्षण
राजस्थान के चुनावी साल के लिहाज से प्रियंका गांधी का ये दौरा काफी अहम रहने वाला है। वहीं इससे पहले सीएम अशोक गहलोत का आज निवाई दौरा प्रस्तावित है। जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री यहां सभा स्थल का निरीक्षण करेंगे और संबंधित अधिकारियों से बातचीत भी करेंगे।