Home National कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की विरोधियों को खरी-खरी, सीएम गहलोत बोले- अनुभव...

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की विरोधियों को खरी-खरी, सीएम गहलोत बोले- अनुभव का कोई विकल्प नहीं

112
0

The Angle

जयपुर।

कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार राजस्थान दौरे पर आए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भीलवाड़ा के गुलाबपुरा में कांग्रेस के किसान और पशुपालक सम्मेलन को संबोधित किया। अपने संबोधन की शुरुआत में उन्होंने कहा कि राजस्थान वीरों की भूमि है, मैं उनको प्रणाम करता हूं। इसके बाद खड़गे ने कहा कि भीलवाड़ा के विकास में कांग्रेस का बड़ा योगदान है। यहां का टैक्सटाइल भारत को बड़ी देन है। उन्होंने कहा कि मैं और सोनिया गांधी यहां बहुत पहले आए थे।

भाजपा पर लगाया कांग्रेस सरकार के कामों को रोकने का आरोप

उन्होंने कहा कि कांग्रेस जो काम करती है भाजपा उसको रोकने का काम करती है। भाजपा काम नहीं करती, सिर्फ अनर्गल बयानबाजी करती है। हम झूठ बोलने का काम नहीं करते हैं। कहीं भी जाओ भाजपा परिवारवाद-परिवारवाद करती है। राहुल गांधी ने 4 हजार किमी पैदल चलकर भारत जोड़ो यात्रा की है। भारत में उस यात्रा जैसी कोई यात्रा नहीं हुई है। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमने सभी को मिलाकर एक संगठन इंडिया बनाया है। लेकिन ये लोग उस पर भी ऐतराज करते हैं। उन्होंने कहा कि लाल डायरी में कुछ नहीं है। भाजपा केवल इसे दिखाकर डराने की कोशिश करती है। वह अपने पास रखे रहे डायरी।

मल्लिकार्जुन खड़गे बोले- कांग्रेस की सरकार बनाओ, अभी की योजनाओं से ज्यादा योजनाएं देंगे

खड़गे ने कहा कि राजस्थान में अगर जय नारायण व्यास, सुखाड़िया जैसे नेता और सेंटर में पूर्व पीएम नेहरू नहीं होते तो राजस्थान में विकास नहीं हो पाता। हमने गैस सिलेंडर 500 रुपए का किया है। लेकिन हमारे लोगों को डरा-डराकर जेल में डाला जा रहा है। कभी ईडी, इनकम टैक्स की रेड डाली जा रही है। देश को बचाने वाले और आजाद कराने वाले हम लोग हैं। देश पर जान देने वाले लोग भी हम हैं। देश की आजादी में एक भी भाजपा नेता नहीं रहा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आप सभी एक होकर कांग्रेस पार्टी को जिताएं। ये मेरा वादा है जितनी योजनाएं अभी हैं, हम उससे ज्यादा देंगे। किसानों की भलाई, मजदूरों की भलाई के लिए कांग्रेस काम कर रही है। साथ ही लाल डायरी को लेकर बोलते हुए कहा कि जो कुछ है तो बताए आप डराए नहीं। राहुल गांधी ने भी कहा है कि डरो मत।

सीएम गहलोत बोले- अनुभव का कोई विकल्प नहीं होता

वहीं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि लोकतंत्र में जनता माई-बाप होती है। आप जिसको आशीर्वाद देते हैं उसकी सरकार बनती है। कांग्रेस का आजादी से पहले और बाद का लंबा इतिहास है। इस दौरान सीएम गहलोत ने मंच से प्रदेशवासियों की तरफ से खड़गे का अभिनंदन करते हुए कहा कि अनुभव का कोई विकल्प नहीं होता। विपक्षी गठबंधन के INDIA नाम से ही मोदी सरकार बौखला गई है। खड़गे जी के अध्यक्ष बनने के बाद से ही कांग्रेस की जीत की शुरुआत हो चुकी है। अब ये सिलसिला देशभर में जारी रहेगा, रुकेगा नहीं. साथ ही भाजपा की परिवर्तन यात्राओं पर निशाना साधाते हुए कहा कि ये फेल हो रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here