The Angle
नई दिल्ली।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए संसद के आगामी बजट सत्र का ऐलान कर दिया है। उन्होंने लिखा कि भारत सरकार की संस्तुति पर भारत के माननीय राष्ट्रपति ने बजट सत्र 2024 के लिए संसद के दोनों सदनों को 22 जुलाई, 2024 से 12 अगस्त, 2024 तक बुलाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री रिजिजु ने बताया कि केंद्रीय बजट 2024-25 आगामी 23 जुलाई 2024 को लोकसभा में पेश किया जाएगा।
संसद के संयुक्त सत्र को राष्ट्रपति मुर्मू ने किया था संबोधित
वहीं नई संसद का पहला सत्र 24 जून से 3 जुलाई तक बुलाया गया था। इस दौरान नवनिर्वाचित लोकसभा सांसदों को शपथ दिलाई गई थी। इसके बाद 26 जून को लोकसभा स्पीकर का चुनाव हुआ था, जिसमें ओम बिड़ला लगातार दूसरी बार लोकसभा स्पीकर निर्वाचित हुए। इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 27 जून को संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित किया था। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर संसद के दोनों सदनों में चर्चा हुई, इसके बाद 2 जुलाई को लोकसभा में और राज्यसभा में 3 जुलाई को पीएम मोदी ने धन्यवाद चर्चा पर रिप्लाई किया था।
निर्मला सीतारमण रिकॉर्ड 7वीं बार पेश करेंगी आम बजट
बता दें इस साल 2 बार बजट पेश हो रहा है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने फरवरी में अंतरिम बजट पेश किया था, यह आम चुनाव का साल था। इस बार वह लगातार सातवां बजट पेश करेंगी, ऐसा करने वाली वह इतिहास की पहली वित्त मंत्री होंगी।