Home Politics ईआरसीपी को लेकर एकजुट हुई कांग्रेस, सिकराय की धरती से प्रियंका गांधी-सीएम...

ईआरसीपी को लेकर एकजुट हुई कांग्रेस, सिकराय की धरती से प्रियंका गांधी-सीएम गहलोत ने भरी हुंकार

104
0
ईआरसीपी को लेकर एकजुट हुई कांग्रेस, सिकराय की धरती से प्रियंका गांधी-सीएम गहलोत ने भरी हुंकार

The Angle

जयपुर।

दौसा के सिकराय में ईआरसीपी जन जागरण अभियान के समापन के मौके पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने एक विशाल चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उमड़े जनसैलाब की मौजूदगी में अपनी बात रखते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि केन्द्र सरकार ने ईआरसीपी पर वादाखिलाफी की। हमने इस योजना को बजट दिया, काम शुरू हुआ और काम पूरा भी किया जाएगा। पेंडिंग बांध जोड़ दिए गए हैं, इसकी खुशी है। ईसरदा बांध का पानी दौसा जिले में लाया जाएगा।

ईआरसीपी का सबसे पहले दौसा को मिलेगा फायदा- सीएम गहलोत

मुख्यमंत्री ने कहा कि ईआरसीपी का सबसे पहले फायदा दौसा जिले को मिलेगा। आप हमारी सरकार पर विश्वास कीजिए। हम वादा करते है तो उस वादे को निभाते भी हैं। वर्तमान में देश में लोकतंत्र खतरे में है। केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है, वहीं इलेक्टोरल बॉन्ड के नाम पर तो अब कानूनी रूप से करप्शन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा इतना घबराई हुई है कि सांसदों को विधानसभा का टिकट दे रही है।

पीएम मोदी के लिफाफे से निकले सिर्फ 21 रुपए, यही देश के साथ भी हो रहा

वहीं इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। प्रियंका ने कहा कि भाजपा के नेता खुद के लिए काम कर रहे हैं। अपने मित्रों के लिए काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 हजार करोड़ रुपए के हवाई जहाज में चलते हैं, लेकिन देश के गरीब किसानों के कर्जे माफ करने के लिए और कर्मचारियों को ओपीएस देने के लिए उनके पास पैसे नहीं हैं। देश की सारी संपत्ति अपने मित्रों को दे दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैंने टीवी पर देखा, पता नहीं सच है कि नहीं, देवनारायण जी के मंदिर में कुछ समय पहले प्रधानमंत्री गए थे और एक लिफाफा डाल आए।

मैंने टीवी पर देखा कि 6 महीने बाद प्रधानमंत्री द्वारा दिया लिफाफा खोला गया जा रहा है, जनता सोच रही थी कि भगवान जाने क्या होगा इस लिफाफे में ? देश के इतने बड़े नेता आए थे, वह लिफाफा डालकर गए थे। लिफाफा खोला तो उसमें 21 रुपए निकले। अब आप मुझे बताइए एक तरह से देश में यही हो रहा है।

अतीत की नहीं, आगे की बात करते हैं असली नेता

उन्होंने कहा कि भाजपा वाले कहते हैं कि हमारा चेहरा नरेंद्र मोदी होंगे। जनता को उनसे पूछना चाहिए कि क्या वे प्रधानमंत्री पद छोड़कर राजस्थान के सीएम बनने आएंगे ? उनका मकसद सिर्फ सत्ता में बने रहना है। उन्होंने कहा कि देश के लिए बहुत लोगों ने संघर्ष किया। आज हमारे लिए ये सोचना जरूरी है कि देश की सरकार क्या करेगी ? महिलाएं संघर्ष कर रही हैं, किसान और जवान संघर्ष कर रहे हैं। लोग सरकार से जीवन की मुश्किल कम करने की उम्मीद करते हैं, जिससे खुद का और बच्चों का भविष्य सुरक्षित रख सकें। असली नेता अतीत की नहीं. आगे की बात करते हैं।

बीजेपी आई तो बंद हो जाएगा 25 लाख रुपए का बीमा, फ्री बिजली और 500 रुपए में सिलेंडर, ईआरसीपी पर घेरा

प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि अहंकार की राजनीति देश को आगे नहीं ले जा सकती। बीजेपी ने महंगाई को आसमान पर पहुंचा दिया है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने लोगों की तकलीफें कम की हैं। ईआरसीपी को लेकर केंद्र सरकार ने सिर्फ जुमलेबाजी की, वादा नहीं निभाया। इसके राष्ट्रीय परियोजना बनने से 13 जिले लाभान्वित होंगे। लेकिन केंद्र सरकार को ईआरसीपी से कोई लेना देना नहीं है। राजस्थान में बीजेपी की सरकार अगर वापस आएगी तो योजनाएं बंद कर देगी। प्रदेश में 25 लाख का स्वास्थ्य बीमा, फ्री बिजली, 500 रुपए में सिलेंडर बंद हो जाएंगे। इस बार राजस्थान का रिवाज बदल डालो और फिर से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाओ।

पीली लूगड़ी ओढ़ाकर किया गया स्वागत, प्रियंका गांधी बोलीं- सारा भाइयां-बहनन कू राम-रामसा

गौरतलब है कि इससे पहले कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी का स्वागत पूर्वी राजस्थान की प्रसिद्ध पीली लूगड़ी भेंट करके, मेहंदीपुर बालाजी की गदा और उनका स्मृति चिन्ह देकर किया गया। वहीं प्रियंका गांधी ने भी अपने भाषण की शुरुआत स्थानीय भाषा में लोगों का अभिवादन करते हुए की। साथ ही तमाम स्थानीय प्रसिद्ध लोक देवी-देवताओं को स्मरण करते हुए की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here