The Angle
नई दिल्ली।
कांग्रेस नेता और रायबरेली से नवनिर्वाचित सांसद राहुल गांधी आज 19 जून को अपना 54वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर राहुल अपनी बहन और पार्टी नेता प्रियंका गांधी के साथ दिल्ली में पार्टी मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने केक पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में केक काटकर अपना जन्मदिन मनाया। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, केसी वेणुगोपाल और अन्य नेता भी मौजूद रहे।
राहुल गांधी ने उत्साहित कार्यकर्ताओं-समर्थकों संग खिंचवाई सेल्फी
राहुल गांधी के जन्मदिन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने पार्टी हेडक्वार्टर और 10 जनपथ के आसपास शुभकामनाओं के होर्डिंग्स और बैनर लगाए हैं। वहीं पार्टी हेडक्वार्टर पहुंचने पर राहुल का फूलों के साथ जोरदार स्वागत किया गया। हाथों में बैनर लिए कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। वहीं राहुल ने भी उन्हें निराश नहीं किया और समर्थकों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
दूसरी बार कांग्रेस के लिए काफी शुभ रहा जन्मदिन
बता दें ये लगातार दूसरी बार है जब राहुल गांधी का जन्मदिन कांग्रेस पार्टी के लिए काफी शुभकारी रहा। दरअसल करीब 10 साल बाद कांग्रेस पार्टी ने लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के रूप में सत्ताधारी एनडीए गठबंधन को कड़ी टक्कर दी थी। इस दौरान कांग्रेस पार्टी ने अकेले 99 सीटें हासिल कीं, वहीं इंडिया गठबंधन ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कुल 232 सीटें हासिल कीं। हालांकि इंडिया गठबंधन केंद्र में अपनी सरकार बनाने में कामयाब नहीं हो सका, लेकिन 1 दशक बाद ही सही, मगर लोकसभा में एक मजबूत विपक्ष देखने को मिलेगा। वहीं इससे पहले साल 2021 में भी राज्यसभा चुनाव के दौरान राजस्थान में कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार ने काफी अच्छा प्रदर्शन करते हुए राहुल गांधी को उनके जन्मदिन का तोहफा दिया था।