Home Politics जाटलैंड झुंझुनूं में कांग्रेस की बड़ी रणनीतिक जीत, भाजपा से बागी विकास...

जाटलैंड झुंझुनूं में कांग्रेस की बड़ी रणनीतिक जीत, भाजपा से बागी विकास चौधरी कांग्रेस में शामिल

124
0
जाटलैंड झुंझुनूं में कांग्रेस की बड़ी रणनीतिक जीत, भाजपा से नाराज चल रहे विकास चौधरी को दिलाई पार्टी की सदस्यता (फाइल इमेज)

The Angle

जयपुर।

विधानसभा चुनाव से पहले राजस्थान में नेताओं के दल-बदल का सिलसिला जारी है। इनमें जहां कई ऐसे नेता शामिल हैं जो पहले किसी अन्य दल में थे और अब किसी अन्य दल में जा रहे हैं, या उनकी घर वापसी हो रही है, वहीं भाजपा अपनी 2 सूचियों में 124 उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है। ऐसे में अपना टिकट कटने के बाद भाजपा के कई नेता भी पार्टी से बागी होकर अन्य दलों की शरण में जा रहे हैं।

कांग्रेस में हुई ममता शर्मा की घर वापसी, विकास चौधरी भाजपा छोड़ कांग्रेस में हुए शामिल

झुंझुनूं में हुई कांग्रेस की सभा में भी कुछ ऐसा ही हुआ। इस दौरान राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष ममता शर्मा, पीसीसी के पदाधिकारी रहे संजय शर्मा, धौलपुर से भाजपा की निष्कासित मौजूदा विधायक शोभारानी कुशवाहा और किशनगढ़ से टिकट नहीं मिलने के चलते बागी हुए विकास चौधरी जैसे नेताओं ने आज कांग्रेस में सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस संगठन महासचिव प्रियंका गांधी ने इन्हें विशाल जनसमूह की मौजूदगी में पार्टी का पटका पहनाकर सदस्यता दिलाई।

ओबीसी नेताओं की अनदेखी को लेकर भाजपा को घेरेगी कांग्रेस

विकास चौधरी पूर्व में भाजपा के युवा नेता रहे हैं और इस बार के चुनाव में किशनगढ़ से भाजपा में टिकट के दावेदार थे। लेकिन यहां से भाजपा ने अजमेर से मौजूदा लोकसभा सांसद भागीरथ चौधरी को मैदान में उतार दिया है। इसे लेकर विकास चौधरी और उनके समर्थकों ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के सामने विरोध भी जताया था। लेकिन इस पर भाजपा की तरफ से उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। ऐसे में आज करीब 2 हफ्ते के इंतजार के बाद विकास चौधरी ने भाजपा का दामन छोड़कर कांग्रेस का हाथ थाम लिया। विधानसभा चुनाव के लिहाज से इसे उसकी एक बड़ी जीत माना जा रहा है क्योंकि कांग्रेस ओबीसी आरक्षण को बड़ा मुद्दा बना रही है और अब कांग्रेस ओबीसी नेताओं की भाजपा में अनदेखी किए जाने को लेकर भी पार्टी को घेर सकेगी।

विकास चौधरी ने भाजपा के अन्य नाराज चल रहे नेताओं के लिए खोल दी नई राह

इसके साथ ही राजनीतिक जानकारों में एक और चर्चा शुरू हो गई है। दरअसल विकास चौधरी ने तो अपना अगला मुकाम ढूंढ लिया है, वहीं अब सभी की नजरें इस बात पर भी हैं आने वाले दिनों में भाजपा से और कौन-कौनसे नेता बागी होकर कांग्रेस की सदस्यता लेते हैं। दरअसल चुनाव से कुछ समय पहले ही भाजपा ने खांटी कांग्रेस नेता ज्योति मिर्धा को अपनी पार्टी में सफलता हासिल की थी। इसे पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा था। वहीं चर्चा है कि विकास चौधरी को पार्टी में शामिल करवाकर कांग्रेस ने भाजपा से हिसाब चुकता कर दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here