Home Business पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में चंद्रयान की सफलता को...

पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में चंद्रयान की सफलता को बताया नारी शक्ति का जीवंत उदाहरण

207
0
पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में चंद्रयान की सफलता को बताया नारी शक्ति का जीवंत उदाहरण (प्रतीकात्मक तस्वीर)

The Angle

नई दिल्ली।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर बार की तरह इस बार भी अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात के तहत देश की जनता को संबोधित किया और विभिन्न मुद्दों को लेकर अपने विचार साझा किए। हर महीने के आखिरी रविवार को होने वाले ‘मन की बात’ कार्यक्रम का आज 104वां एपिसोड था। इस दौरान पीएम मोदी ने हाल ही में अंतरिक्ष जगत में हासिल की गई भारत की सफलता चंद्रयान मिशन का जिक्र किया और कहा कि मिशन चंद्रयान नए भारत की स्पिरिट का प्रतीक है। वहीं चंद्रयान मिशन को लेकर पीएम मोदी ने अपनी एक कविता भी कार्यक्रम के दौरान देशवासियों को सुनाई।

पीएम मोदी ने चंद्रयान की सफलता में महिला वैज्ञानिकों के योगदान को सराहा

मन की बात कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि चंद्रयान की सफलता बहुत बड़ी है। हर ओर इसकी चर्चा हो रही है। चंद्रयान की सफलता ने बता दिया है कि सफलता के कुछ सूरज चांद पर भी उगते हैं। चंद्रयान नए भारत की उस स्पिरिट का प्रतीक बन गया है, जो हर हाल में जीतना चाहता है और हर हाल में जीतना जानता भी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि चंद्रयान मिशन नारी शक्ति का जीवंत उदाहरण है। मिशन चंद्रयान में अनेक महिला वैज्ञानिक और इंजीनियर्स ने काम करके इसे सफल बनाया है। भारत की बेटियां अब अनंत समझे जाने वाले अंतरिक्ष को भी चुनौती दे रही हैं। जब किसी देश की बेटियां जब इतनी आकांक्षी हो जाएं, तो उस देश को विकसित बनने से भला कौन रोक सकता है।

प्रधानमंत्री बोले- सितंबर का महीना बनेगा भारत के सामर्थ्य का साक्षी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सितम्बर का महीना भारत के सामर्थ्य का साक्षी बनने जा रहा है। अगले महीने होने जा रही G-20 लीडर्स समिट के लिए भारत पूरी तरह से तैयार है। जी-20 सम्मेलन के इतिहास में ये अब तक की सबसे बड़ी भागीदारी होगी। पीएम मोदी ने बताया कि अपनी अध्यक्षता के दौरान भारत ने जी-20 को और ज्यादा समावेशी फोरम बनाया है। भारत के निमंत्रण पर ही अफ्रीकी यूनियन भी जी-20 से जुड़ी और अफ्रीका के लोगों की आवाज दुनिया के इस अहम प्लेटफॉर्म तक पहुंची। वहीं वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स की सफलता का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने बताया कि कुछ ही दिनों पहले चीन में वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स हुए थे। इन खेलों में हमारे खिलाड़ियों ने कुल 26 पदक जीते, जिनमें से 11 गोल्ड मेडल थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here